‘खा गया शक्कर, पी गया तेल’ के नारों से गूंजा पाली, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में बढ़ती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रकाश चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर और प्याज की मालाएं पहनकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में महंगाई विरोधी तख्तियां लेकर खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान ‘खा गया शक्कर, पी गया तेल, भाजपा का यही खेल’ जैसे नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई बढ़ने से आम परिवारों की रसोई और घरेलू बजट पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। शक्कर और प्याज की माला पहनकर प्रदर्शन के जरिए महंगाई के मुद्दे को अलग अंदाज में जनता के सामने रखने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन में पूर्व जिला संगठन मंत्री संजीव खंडेलवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, प्रमोद उपाध्याय, शाकिर खान, शिवकुमार दहिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीष सिंह बड़करे, उषा कोल, राम बिहारी उपाध्याय, जागरण विश्वकर्मा और सेवादल प्रमुख रमेश सिंह सेंगर सहित कई नेता मौजूद रहे।
वहीं युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर पार्टी आगे भी जनता के बीच आवाज उठाती रहेगी।
#UmariaNews
#MehangaiKeKhilaaf
#CongressProtest
#MadhyaPradeshNews
#Halchal24News