जनगणना निदेशक ने किया फील्ड फंक्शनरीज के प्रशिक्षण का निरीक्षण
जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक श्री संजीव श्रीवास्तव ने सीहोर के शासकीय कन्या महाविद्यालय में जनगणना 2027 के अंतर्गत फील्ड फंक्शनरीज को दिए जा रहे जिला जनगणना हस्तपुस्तिका प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता, विषयवस्तु तथा जनगणना कार्य से संबंधित आधारभूत एवं तकनीकी जानकारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री बृजेश कुमार सक्सेना भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि जिले में कुल 19 जनगणना चार्ज हैं, जिनमें 10 ग्रामीण एवं 9 नगरीय चार्ज सम्मिलित हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 1,084 राजस्व ग्रामों के आंकड़ों के संकलन हेतु 255 फील्ड फंक्शनरीज तथा 9 नगरीय क्षेत्रों हेतु 9 फील्ड फंक्शनरीज नामित किए गए हैं। इस प्रकार जिले में कुल 264 फील्ड फंक्शनरीज इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए नियुक्त किए गए हैं।
इन सभी फील्ड फंक्शनरीज का प्रशिक्षण कार्यक्रम 08 जुलाई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक सात बैचों में आयोजित किया जा रहा है। बैच क्रमांक 1 से 5 तक का प्रशिक्षण शासकीय कन्या महाविद्यालय, सीहोर के कक्ष क्रमांक-21 में जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
बैच क्रमांक-6 का प्रशिक्षण 14 जुलाई को चार्ज तहसील भैरूंदा एवं नगर परिषद भैरूंदा के फील्ड फंक्शनरीज हेतु नगर परिषद भैरूंदा के सभा कक्ष में आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार बैच क्रमांक-7 का प्रशिक्षण 15 जुलाई को तहसील बुधनी, तहसील रेहटी, नगर परिषद बुधनी, नगर परिषद रेहटी तथा नगर परिषद शाहगंज के फील्ड फंक्शनरीज हेतु नगर परिषद बुधनी के सभा कक्ष में आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण उपरांत सभी नामित फील्ड फंक्शनरीज अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए आवश्यक आंकड़ों का संकलन निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित रूप से सुनिश्चित करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में में जनगणना कार्य निदेशालय, भोपाल द्वारा नामित मास्टर प्रशिक्षक श्रीमती वंदना तिवारी एवं सुश्री यशस्वी द्वारा प्रतिभागियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका हेतु आंकड़ों के संकलन, प्रपत्रों के संधारण, आंकड़ों के सत्यापन तथा तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
9 views | Sehore, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026