कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में मूंग उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण जारी
कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले के सभी मूंग उपार्जन केंद्रों का एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपार्जन प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाए। किसानों के नाम पर व्यापारियों द्वारा अवैध रूप से मूंग विक्रय न हो, इसकी नियमित निगरानी रखी जाए तथा नॉन एफएक्यू उपज की तुलाई किसी भी स्थिति में न हो। इसके साथ ही स्टॉक की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान बारदानों, क्यूआर कोड, तौल सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जिन किसानों के स्लॉट की अवधि समाप्त होने वाली है, उनकी खरीदी को प्राथमिकता दी जाए तथा केंद्रों पर पेयजल, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही किसानों से अपील की गई कि वे अपने निर्धारित स्लॉट के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
Sehore, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026