कॉलोनियों के नियमितीकरण में अब पार्षदों की होगी अहम भूमिका, सर्वे में करेंगे सहयोग
64 कॉलोनियों की सीमा निर्धारण को लेकर किए जा रहे सर्वे में तेजी लाने को लेकर मेयर व आयुक्त ने दिए अधिकारियों को निर्देश
बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों से ली सीमा निर्धारण को लेकर किए जा रहे सर्वे की रिपोर्ट
यमुनानगर। वर्ष 1996 में तकनीकी त्रुटि के कारण अनअप्रूव्ड श्रेणी में रह गईं 76 कॉलोनियों के नियमितीकरण और सीमा निर्धारण को लेकर मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने निगम अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में विभिन्न वार्डाें के पार्षद, जिला नगर योजनाकार, निगम के सभी सहायक नगर योजनाकार, भवन निरीक्षक, कनिष्ठ अभियंता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान मेयर व निगम आयुक्त ने 64 कॉलोनियों की सीमा निर्धारण को लेकर किए जा रहे सर्वे की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने नगर योजनाकारों व भवन निरीक्षकों से सर्वे के दौरान आ रही परेशानियों के बारे में भी जानकारी ली। मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त ने कहा कि 76 में से बची हुई 64 कॉलोनियों के नियमितीकरण को लेकर अब पार्षदों की अहम भूमिका रहेगी। पार्षद अपने वार्ड का प्रतिनिधि होता है। वह जनता और निगम अधिकारियों के बीच कड़ी का काम करता है। इसलिए अब पार्षद नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर संबंधित कॉलोनियों की सीमाओं पर 1996 से पहले बने भवनों के दस्तावेज एकत्रित करने में सहयोग करेंगे। निगम आयुक्त ने सर्वें में लगे सभी अधिकारियों को एक सप्ताह अन्य कार्य छोड़कर केवल सर्वें का कार्य कर इसे जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि वर्ष 1996 की अधिसूचना के तहत यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र में कुल 76 कॉलोनियां थीं। इनमें 54 कॉलोनियां जगाधरी और 22 कॉलोनियां यमुनानगर क्षेत्र की थीं। इनमें से 12 कॉलोनियां पहले ही नियमित की जा चुकी हैं। शेष 64 कॉलोनियों को मंजूरी मिलने के बाद अब आगे की प्रक्रिया के लिए सरकार की ओर से अंतिम नोटिफिकेशन मिलना बाकी है। उन्होंने बताया कि कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए उनकी सीमाएं निर्धारित की जा रही हैं। इसके लिए विशेष समितियों द्वारा सर्वे किया जा रहा है। इस समितियों में सहायक नगर योजनाकार, प्लानिंग एक्सपर्ट, संबंधित भवन निरीक्षक व जेई शामिल है। अब इन विशेष समितियों में संबंधित पार्षदों को भी शामिल किया गया है। जो सर्वे के दौरान कॉलोनियों की सीमाओं पर बने मकानों के मालिकों से वर्ष 1996 से पहले के दस्तावेज जैसे टैक्स जमा करने की रशीद, स्वीकृत बिल्डिंग प्लान, डेवलपमेंट चार्ज की रसीद, बिजली का बिल, राशन कार्ड, वोटर कार्ड व अन्य लिए जा रहे है। कई कॉलोनियों में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कॉलोनियों में सर्वे जारी है। निगम अधिकारियों ने सर्वे के दौरान प्रॉपर्टी मालिकों द्वारा सहयोग न करने व दस्तावेज न देने की समस्या रखी थी। जिसके बाद अब पार्षदों का सहयोग लिया जा रहा है। मेयर सुमन बहमनी ने संबंधित कॉलोनी वासियों से अपील की है कि वे अपनी कॉलोनी के नियमितिकरण को लेकर नगर निगम का सहयोग करें। अपने दस्तावेज उनके पास आ रहे निगम अधिकारियों को दें। ताकि उनकी कॉलोनी नियमित कराई जाने की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य जल्द पूरा कर कॉलोनियों के नियमितीकरण की रिपोर्ट निदेशालय को भेजे। कॉलोनियां नियमित होने के बाद इनमें गलियों, नालियों और अन्य आवश्यक विकास कार्य करवाने का रास्ता साफ होगा। मौके पर सहायक नगर योजनाकार एवं सहायक अभियंता मृणाल जैयसवाल, मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा, प्लानिंग एक्सपर्ट आशीष सांगवान, भवन निरीक्षक एवं कनिष्ठ अभियंता गगन संधू, अजय कुमार, हरिंद्र, नरेंद्र, विशाल, मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-------------
ये कॉलोनियां हो चुकी है नियमित -
76 में से 12 कॉलोनियां पहले नियमित हो चुकी हैं। इनमें शिव नगर (नालागढ़ का माजरा), महावीर कॉलोनी (बिलासपुर बाईपास रोड), गुलाब पार्क, लक्ष्मी कालोनी, विष्णु गार्डन कॉलोनी, ग्रीन विहार के नजदीक कॉलोनी (चनेटी रोड), विजय नगर एक्सटेंशन-3, विजय नगर एक्सटेंशन-2, भारत सेवक नगर साउथ, भागीरथ कॉलोनी, बसंत नगर, दुर्गा नगर तथा श्री शिव शंकर नगर (अंबाला रोड) शामिल हैं।
--------------
इन कॉलोनियां का किया जा रहा सीमा निर्धारण -
जिन कालोनियों को नियमित करने के लिए सीमा निर्धारण किया जा रहा है, उनमें गोल्डन कॉलोनी (सिटी सेंटर के नजदीक), दशमेश कॉलोनी (खालसा कालेज के नजदीक), यमुना कॉलोनी एवं हाउस बिल्डिंग सोसाइटी, आजाद नगर-प्रथम, आजाद नगर-द्वितीय, प्रोफेसर कालोनी, राम नगर, चोपड़ा गार्डन, लक्ष्मी गार्डन, कृष्णा कालोनी, स्कीम नंबर-9 (टैगोर गार्डन), आनंद कालोनी, बिशनदास कालोनी-ए, बिशनदास कालोनी-बी, जम्मू कालोनी, कुलदीप नगर, कृष्णा कॉलोनी नगर, हंसवंस पुरा, इंद्रपुरी , स्कीम नंबर-13, वीणा नगर, आदर्श नगर, नालागढ़ कॉलोनी (अंबाला रोड पेट्रोल पंप के नजदीक), दयालपुरी (सत्संग भवन के साथ), कृष्ण पुरी (नालागढ़ में माजरा के साथ), शिव नगर (नालागढ़ के माजरा के साथ), राम नगर (बिलासपुर बाईपास रोड), महावीर कॉलोनी (बिलासपुर बाईपास रोड), गुलाब पार्क, गोरी शंकर कालोनी, गोरी शंकर पाबनी सड़क के कार्नर पर, राजा साहब गार्डन कालोनी, शिब्बु मक्खन धर्मशाला के पीछे कालोनी, विष्णु गार्डन कालोनी, राजेश नगर ब्लाक-ए, राजेश नगर ब्लॉक-बी, मुखर्जी पार्क एक्सटेंशन गौरी शंकर लिंक रोड, काली मंदिर कालोनी, कॉलोनी नेता जी सुभाष नगर, शांति कालोनी, महावीर कॉलोनी (हनुमान गेट), गंगा नगर एक्सटेंशन (फैक्ट्री यूनिट), गंगा नगर (छछरौली सड़क), कॉलोनी नजदीक ग्रीन विहार, विश्वकर्मा कालोनी, कॉलोनी नजदीक स्कीम नंबर-7, विजय नगर बूड़िया गेट, विजय नगर एक्सटेंशन लाइन, भारत सेवक नगर एक्सटेंशन साउथ, सरस्वती कालोनी, विजय नगर एक्टेंशन, लक्ष्मी कालोनी, भगीरथ कालोनी, न्यू सरस्वती विद्या मंदिर कालोनी, मनोहर कालोनी, एक्सटेंशन, मनोहर कालोनी, दुर्गा गार्डन एक्सटेंशन, दर्शन नगर, बसंत नगर, पूर्ण विहार, न्यू गढ़ी मुंडो कालोनी, दुर्गा नगर, शंकर पुरी, प्रताप नगर, धीमान नगर, शिव शंकर नगर, श्री गणेश नगर, कॉलोनी जर्सी क्रास, रूप नगर एक्सटेंशन (माडल टाउन की सड़क पर), रूप नगर कॉलोनी एक्सटेंशन (जेल के पीछे), गांधी धाम एक्सटेंशन, श्याम सुंदर पुरी एक्सटेंशन तथा कॉलोनी नजदीक नवरत्न शामिल हैं।
फोटो कैप्शन -
अधिकारियों की बैठक लेती मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।
कॉलोनियों के सीमा निर्धारण को लेकर किए जा रहे सर्वें की नक्शे के माध्यम से जानकारी देते अधिकारी।