“यदि नशा होता अच्छा, माँ कहती—खा ले मेरे बच्चा” : डॉ. अशोक कुमार वर्मा
एनसीबी हरियाणा द्वारा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
यमुनानगर। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, भारतीय पुलिस सेवा के दिशा-निर्देशन तथा फरीदाबाद के संयुक्त आयुक्त एवं ब्यूरो के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेंद्र कुमार मीणा, भारतीय पुलिस सेवा के नेतृत्व में हरियाणा के गाँव गांव तक नशे के विरुद्ध प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इस कड़ी में चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी हथनीकुंड में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय 111 वां व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँच रहे ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा यह कार्यक्रम किया गया जिसमे 500 विद्यार्थी एवं 41 शिक्षक आदि उपस्थित रहे। संस्थान की प्राचार्य सरला चौधरी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “यदि नशा होता अच्छा, माँ कहती—खा ले मेरे बच्चा; लेकिन माँ अपने बच्चे को नशा नहीं, स्वस्थ जीवन, अच्छी शिक्षा और संस्कार देना चाहती है।” उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और मन को खोखला करने के साथ-साथ उसके परिवार की खुशियां, आर्थिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और युवाओं को नशे से बचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों, परिवारजनों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के विभिन्न प्रकारों, उनके शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों, नशे से बचाव के उपायों तथा नशे के आदि व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल कानून का भय पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर जागरूकता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित नशों के विरुद्ध जागरूक नागरिक का कर्तव्य निर्वहन करते हुए 1933 अथवा 9050891508 पर गुप्त सुचना देकर नशा मुक्त अभियान में सहयोग करें। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या सरला देवी ने उन्हें स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।
------------