नशा तस्करों पर एचएसएनसीबी का डबल अटैक, दो अलग मामलों में 3 तस्कर गिरफ्तार
- जगाधरी में 840 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ स्थानीय तस्कर दबोचा, कलानौर में करीब 6 किलो ट्रामाडोल व 1,800 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद
- UP से हरियाणा तक फैला था नशीली दवाइयों का नेटवर्क, दोनों मामलों में आरोपी 2 दिन के पुलिस रिमांड पर
यमुनानगर, 8 सितंबर 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की यमुनानगर यूनिट ने एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में जगाधरी से एक स्थानीय तस्कर को 840 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ पकड़ा गया, जबकि दूसरी कार्रवाई में गांव कलानौर के पास करीब 6 किलो (10800) ट्रामाडोल कैप्सूल और 1,800 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ उत्तर प्रदेश के एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
दूसरे मामले में आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सहारनपुर के बेहट क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पहली कार्रवाई: जगाधरी में स्थानीय तस्कर गिरफ्तार
एचएनसीबी यूनिट यमुनानगर के प्रभारी इंस्पेक्टर मेहरुफ अली के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे पुल अंडर ब्रिज, कैंप चौक, जगाधरी में कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से महेंद्र पुत्र राम बरन, निवासी जगाधरी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 840 ट्रामाडोल कैप्सूल, वजन 464.1 ग्राम बरामद हुए। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। इस संबंध में मुकदमा नंबर 211, दिनांक 06.09.2026, धारा 22(C), 61, 85 एनडीपीस एक्ट के तहत थाना गांधीनगर में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे नशीली दवाइयों की सप्लाई और खरीद के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।
दूसरी कार्रवाई: UP से हरियाणा तक नशीली दवाइयों की सप्लाई का खुलासा
दूसरी कार्रवाई में SI मतलूब हुसैन के नेतृत्व वाली टीम ने गांव कलानौर स्थित महाराजा रिजॉर्ट के पास नाकाबंदी कर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी दिलशाद पुत्र सलीम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद कीं। इनमें 10,800 ट्रामाडोल कैप्सूल, करीब 6 किलो वजन, तथा 1,800 अल्प्राजोलम टैबलेट शामिल हैं। आरोपी के कब्जे से एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की गई है। इस संबंध में मुकदमा नंबर 344, दिनांक 06.09.2026, धारा 22(C), 61, 85 एनडीपीस एक्ट के तहत थाना सदर यमुनानगर में मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के बाद सहारनपुर से दूसरा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर एचएनसीबी टीम ने आगामी कार्रवाई करते हुए अनिवेश मित्तल उर्फ राजन पुत्र रामगोपाल, निवासी गांव यूसुफपुर उर्फ उसंड, थाना बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को भी बेहट, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार इस मामले में अब तक दो अंतरराज्यीय आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी HSNCB
एचएनसीबी यूनिट यमुनानगर के प्रभारी इंस्पेक्टर मेहरुफ अली ने बताया कि जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। गुप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि दूसरे मामले में सामने आया अंतरराज्यीय नेटवर्क गंभीर चिंता का विषय है, जिसमें उत्तर प्रदेश से हरियाणा में बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयों की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशीली दवाइयों के स्रोत, सप्लाई चैन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
तस्करी की सूचना दे, जिम्मेदारी निभाए
ब्युरो आमजन से अपील करती है कि यदि उन्हे उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचता है या नशे की सप्लाई से जुड़ी जानकारी है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन: 90508-91508, मानस टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1933, मानस पोर्टल: ncbmanas.gov.in पर दे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।