*श्री अन्न उत्पादन की उन्नत तकनीकी, मूल्य-संवर्द्धन सीखने अल्मोड़ा रवाना हुये किसान*
*जिला पदाधिकारी, गया ने हरी झण्डी दिखाकर 20 किसानों के दल को किया रवाना*
*16 से 20 नवम्बर तक लेंगे प्रशिक्षण*
आज दिनांक 14.11.2026 को श्री शशांक शुभंकर, जिला पदाधिकारी, गया ने समाहरणालय गया से 20 किसानों के दल को हरी झण्डी दिखाकर *विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा उत्तराखण्ड में राज्य के बाहर प्रशिक्षण लेने के लिये रवाना* किया। ये किसान दिनांक 16 से 20 नवम्बर तक 05 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री अन्न (मिलेट्स) उत्पादन की उन्नत तकनीकी, उसका मूल्य-संवर्द्धन तथा संरक्षित खेती के गुर सीखेंगे।
कृषि विभाग अंतर्गत कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिरण (आत्मा), गया द्वारा किसानों के क्षमता संवर्द्धन के लिये राज्य के बाहर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिसमें गया जिला के विभिन्न प्रखण्डों के किसान अपनी अभिरुचि के अनुसार उपयोगी विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। किसानों को संस्थान तक लाने ले जाने, उनके आवासन और भोजन आदि का व्यय योजना के प्रावधान के अनुरुप किया जाता है।
किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से करने के लिये प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित होने के पश्चात किसानों को गया जिला के वेबसाईट https://gaya.nic.in पर आवेदन करने का समय दिया गया। निर्धारित समय-सीमा के अंदर आवेदन करने वाले किसानों मे से 20 किसानों का चयन किया गया और उन्हे प्रशिक्षण में भाग लेने हेतु भेजा जा रहा है।
विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जिला में अवस्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) का श्री अन्न पर शोध का एक प्रतिष्ठित संस्थान है। संस्थान के द्वारा मड़ुआ, सांवा, रामदाना, ज्वार, बाजरा, चना, मसूर, राजमा एवं गेहूँ आदि फसलों की कई उन्नत किस्म का विकास किया गया है। इन प्रभेदों में कई प्रभेद बिहार के किसानों के बीच भी अधिक उपज देने के कारण लोकप्रिय हैं। संस्थान द्वारा मिलेट्स उत्पादन के बाद उसके प्राथमिक और द्वितीयक प्रसंस्करण के लिये सरल तकनीकों और यंत्रों को विकसित किया गया है, जो लघु एवं सीमान्त किसानों के लिये बहुत उपयोगी है।
किसानों का दल के साथ टीमलीडर के रुप में श्री आलोक कुमार सिंह, सहायक तकनीकी प्रबंधक, नगर एवं श्री रविकान्त घुड़सवार, सहायक तकनीकी प्रबंधक, परैया कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। आज रवाना हुये किसानों में आमस के श्री अनिल कुमार अनल, डोभी के श्री नागेन्द्र प्रसाद, बथानी के श्री अशोक कुमार मेहता तथा वजीरगंज के श्री प्रिन्स कुमार सहित अन्य किसान सम्मिलित हैं। किसानों की रवानगी के अवसर पर श्री संजीव कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा एवं कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित थे।