*छठ महापर्व को लेकर जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ की ब्रीफिंग*
*सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने घाटों पर ससमय उपस्थित रहकर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश।*
गया, 14 नवंबर 2026, कार्तिक छठ महापर्व 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हरिदास सेमिनरी प्रेक्षागृह में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व पूरे बिहार में अत्यंत श्रद्धा, आस्था एवं भव्यता के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर सभी छठ घाटों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर निर्धारित समय से उपस्थित रहकर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्त छठ घाटों का निरीक्षण कर लें तथा जहां भी किसी प्रकार की कमी हो, उसे आज ही हर हाल में दूर कराएं। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों एवं घाटों के आसपास लटक रहे बिजली के तारों की विशेष जांच करने तथा किसी भी स्थिति में तारों को नीचे लटका नहीं रहने देने का निर्देश दिया गया।
*सुरक्षा एवं डूबने की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष व्यवस्था*
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे गहरे पानी में नहीं जा सके। यदि कोई श्रद्धालु बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी की ओर जाता है, तो घाट पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें सुरक्षित क्षेत्र में वापस लाएं तथा निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही अर्घ्य अर्पित करने के लिए प्रेरित करें।
सभी घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार उद्घोषणा कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग पार नहीं करने एवं गहरे पानी में नहीं जाने के संबंध में लगातार जागरूक किया जा सके। बड़े छठ घाटों पर एसडीआरएफ की टीम की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, तालाबों एवं पोखरों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं आपदा प्रबंधन विभाग के स्तर से गोताखोरों की भी व्यवस्था की गई है।
*रेलवे क्रॉसिंग एवं संकीर्ण रास्तों पर रहेगी विशेष निगरानी*
जिला पदाधिकारी ने रेलवे गुमटी के समीप स्थित छठ घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। रेलवे क्रॉसिंग के समीप पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ट्रेन के आवागमन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने तथा ट्रेन के सुरक्षित रूप से गुजरने के बाद ही श्रद्धालुओं के आवागमन को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने बताया कि सभी छठ घाटों पर कंट्रोल रूम, चेंजिंग रूम एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है। बड़े घाटों पर वॉच टावर एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी छठ घाटों पर स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
*शहरी क्षेत्र के छठ घाटों को 10 जोन में बांटकर वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति*
शहरी क्षेत्र में छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं सतत निगरानी के उद्देश्य से पूरे क्षेत्र को 10 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में वरीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
◆ जोन-01: सूर्यकुंड घाट के लिए अपर समाहर्ता श्री कुमार पंकज को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-02: देवघाट, गया जी डैम, सीताकुंड घाट, विष्णुपद मंदिर एवं संकीर्ण गलियों के लिए अपर समाहर्ता श्री परितोष कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-03: सुरीपोखर तालाब, मानपुर के लिए जिला प्रबंधक, बिहार राज्य खाद्य निगम को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-04: सीढ़िया घाट, ब्राह्मणी घाट, महादेव घाट, रामेश्वर घाट, रामशिला सरोवर, धोबिया घाट, गोविंदपुर तालाब, प्रेतशिला रोड, बिंदेश्वरी घाट एवं किरानी घाट के लिए सहायक निदेशक सह जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी श्री राहुल कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-05: पिता महेश्वर घाट एवं मल्लाह टोली घाट के लिए अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री बलवीर दास को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-06: भास्कर घाट, लखीबाग, मानपुर के लिए निदेशक, डीआरडीए गया श्री सूरज कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-07: दिनकर घाट, मानपुर, बालापुर भूसुंडा, लखीबाग, डालमिया कंपाउंड, लखीबाग, मानपुर एवं लोहा पुल के नीचे स्थित घाटों के लिए नगर आयुक्त, गया नगर निगम को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-08: रुक्मिणी तालाब घाट, झारखंडी महादेव घाट, आईटीआई पॉलिटेक्निक घाट, केंदुई घाट एवं बोधगया घाट के लिए अपर समाहर्ता विभागीय जांच श्री रविशंकर शर्मा को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-09: सूर्य पोखर पुलिस लाइन, सिंगरा स्थान डैम, नारायणगढ़, कटारी तालाब एवं कुजापी सूर्य पोखर घाट के लिए उप विकास आयुक्त, गया को प्रतिनियुक्त किया गया है।
◆ जोन-10: विभिन्न स्टैटिक स्थलों की निगरानी के लिए अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) को प्रतिनियुक्त किया गया है।
*भीड़ प्रबंधन एवं सुचारु आवागमन पर विशेष जोर*
ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार ने कहा कि शहरी क्षेत्र के जिन छठ घाटों तक पहुंचने के रास्ते संकीर्ण हैं, वहां विशेष सतर्कता एवं निगरानी बरतने की आवश्यकता है। घाटों तक पहुंचने के लिए कई स्थानों पर ऊंची सीढ़ियां हैं। ऐसे स्थानों पर बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विशेष सहायता प्रदान की जाए तथा उन्हें सुरक्षित तरीके से सीढ़ियों से उतारने एवं चढ़ाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने घाटों पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं के आने एवं जाने के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगातार क्रियाशील रहना चाहिए तथा इसके माध्यम से आवश्यक सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों एवं सावधानियों की उद्घोषणा नियमित रूप से कराई जाए।
जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं पूर्ण तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।