#भरतपुर। जिले में पंचायत आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद हो गई है। इसी को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिले के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, वृताधिकारियों और थानाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें चुनाव तैयारियों की समीक्षा कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में चुनाव संबंधी परिस्थितियों का आकलन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें और पूरी निष्पक्षता व अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने दो टूक कहा कि पुलिसकर्मी किसी भी प्रत्याशी या राजनीतिक पक्ष का आतिथ्य स्वीकार न करें तथा ऐसा सुरक्षित माहौल बनाएं जिससे हर मतदाता बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। साथ ही, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी नजर रखने और असामाजिक तत्वों व हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने थानाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल के साथ गश्त और नाकाबंदी बढ़ाने के साथ ही अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित पैनी नजर रखने को कहा है, ताकि जिले में कानून और शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम रहे।