#भरतपुर। शहर के अटलबंद थानांतर्गत विजय नगर इलाके में करवा चौथ से ठीक पहले 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ*त होने का मामला सामने आया है। मृतका आरती की चार साल पहले पंकज कुमार से शादी हुई थी और उनका एक दो साल का बेटा भी है। घटना के बाद आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर पीहर और ससुराल पक्ष की महिलाएं आपस में भिड़ गईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और अस्पताल गार्ड ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। कुरका गांव निवासी पीहर पक्ष के सतीश कुमार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है, जबकि मृतका की सास निर्मला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि दिल्ली में रहने वाला यह दंपती नुमाइश मेला देखने भरतपुर आया था और करवा चौथ की तैयारी के दौरान अचानक पेट-सिर दर्द होने व मूर्छित होने के बाद अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हुई। सीओ सिटी योगेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।