मंत्री एवं विधायकों की उपस्थिति में स्वामित्व योजना के तहत शुभ धनतेरस पर जिले में संपन्न हुआ पंजीयन कार्य
सीहोर जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत शुभ धनतेरस के अवसर पर विशेष पंजीयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा तथा जिले के तीनों विधायकों की उपस्थिति में हितग्राहियों के स्वामित्व अधिकारों से संबंधित पंजीयन कार्य संपन्न कराया गया। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर निवासरत पात्र परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे हितग्राहियों को अपनी संपत्ति पर स्वामित्व का अधिकार मिलने के साथ ही भविष्य में बैंक ऋण एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी सुविधा प्राप्त होगी।
राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा इछावर विकासखंड के ग्राम सोहनखेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के दस्तावेजों के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य की प्रक्रिया में सहभागिता की। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने ग्रामवासियों को स्वामित्व योजना के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज प्राप्त होता है, जिससे संपत्ति पर उनका अधिकार सुनिश्चित होता है। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीणों को संपत्ति का कानूनी अधिकार देने के साथ ही उनके आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। दस्तावेज उपलब्ध होने से नागरिकों को अपनी संपत्ति के उपयोग, बैंक ऋण सहित अन्य कार्यों में सुविधा मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
इसी प्रकार बुधनी के विधायक श्री रमाकांत भार्गव, सीहोर के विधायक श्री सुदेश राय एवं आष्टा के विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न ग्रामों में पात्र हितग्राहियों की आवासीय संपत्तियों के पंजीयन निष्पादन की कार्यवाही संपन्न कराई गई। बुधनी तहसील के ग्राम हिगनासिर, बीसाखेड़ी एवं तिल्लोट तथा सीहोर के दोराहा में भी पंजीयन निष्पादन का कार्य किया गया। वहीं आष्टा में विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर के पैतृक ग्राम मुलानी-मंगलपुर में 113 पात्र प्रकरणों में से 103 परिवारों की आवासीय संपत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री संपन्न हुई।
इस अवसर पर विधायकों ने स्वामित्व योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित यह योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों का कानूनी स्वामित्व प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति के प्रमाणित एवं पंजीकृत दस्तावेज उपलब्ध हो रहे हैं। इससे संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आएगी तथा ग्रामीण परिवारों को भविष्य में संपत्ति के क्रय-विक्रय, विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि स्वामित्व अधिकार मिलने से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों का विधिवत पंजीकृत अभिलेख उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रमों में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
#SVAMITVAScheme #स्वामित्व_योजना #SvamitvaYojana #DigitalIndia #RuralDevelopment
Sehore, Madhya Pradesh | Nov 7, 2026