#बहराइच:12 साल के बच्चे को घाघरा में मगरमच्छ जिंदा खा गया, पैर को जबड़े में दबाकर खींच ले गया, बच्चा तड़पता रहा...चाचा चिल्लाते रह गए
#बहराइच जिले में घाघरा नदी किनारे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय सुनील पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी में खींच ले गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सुनील अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। काम खत्म होने के बाद वह नदी किनारे हाथ-पैर धोने पहुंचा, तभी अचानक पानी से निकले मगरमच्छ ने उसके पैर को जबड़ों में दबोच लिया। मासूम खुद को बचाने के लिए तड़पता रहा, जबकि चाचा और ग्रामीण ईंट-पत्थर फेंककर उसे छुड़ाने की कोशिश करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मगरमच्छ बच्चे को कई बार पानी में घसीटता और उछालता रहा, फिर उसे गहरे पानी में ले गया। करीब पांच घंटे की तलाश के बाद रात में घटनास्थल से कुछ दूरी पर बच्चे का शव बरामद हुआ।
मृतक सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपने चाचा के साथ रह रहा था। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और पानी के पास अकेले न जाने की अपील की है।