#बलरामपुर! #गैसड़ी में प्रशासनिक दृढ़ता से वर्षों पुरानी समस्याओं का हुआ समाधान, बीडीओ पल्लवी सचान की पहल से रनियापुर में हटा घूर, मझोवा कुड़ी में सुलझा नाली विवाद...
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के विकास खंड #गैसड़ी में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पल्लवी सचान की पहल पर वर्षों से लंबित दो प्रमुख समस्याओं का समाधान होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। रनियापुर ग्राम पंचायत में वर्षों से जमा घूर (कूड़े का ढेर) हटाकर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, वहीं मझोवा कुड़ी ग्राम पंचायत में लंबे समय से चले आ रहे नाली विवाद का समाधान कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।
बीडीओ पल्लवी सचान के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत रनियापुर में वर्षों पुराने घूर को पूरी तरह हटाया गया तथा जाम नालियों की सफाई कराई गई। इस दौरान ग्राम सचिव अमित वर्मा, मोखमपुर प्रशासक शकील और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अलावा बीडीओ के निर्देश पर ग्राम पंचायत विशुनपुर कला में भी सचिव एवं एडीओ पंचायत की निगरानी में नालियों की सफाई कराई गई।
इस अवसर पर बीडीओ पल्लवी सचान ने कहा कि "स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है। गंदगी हटने से संक्रामक बीमारियों का खतरा कम होता है और लोगों के इलाज पर होने वाला अनावश्यक खर्च भी बचता है।" उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने और इसे नियमित रूप से बनाए रखने की अपील की।
वहीं ग्राम पंचायत मझोवा कुड़ी में वर्षों से नाली निर्माण को लेकर चल रहे विवाद का भी प्रशासनिक प्रयासों से समाधान कराया गया। बीडीओ ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया, जिसके बाद आपसी सहमति बनी और विवादित स्थल पर नाली निर्माण कार्य शुरू हो गया।
बताया जाता है कि इससे पहले भी पल्लवी सचान, विकास खंड उतरौला में तैनाती के दौरान ब्लॉक परिसर में वर्षों से जमा कूड़े के बड़े ढेर को हटवाकर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का कार्य कर चुकी हैं। गैसड़ी में भी उनकी इसी कार्यशैली का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
रनियापुर और मझोवा कुड़ी में वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान से ग्रामीणों में उत्साह है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक विकास खंड में इसी तरह संवेदनशील और सक्रिय अधिकारी कार्य करें, तो ग्रामीणों की अधिकांश समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही तेजी से हो सकता है। ग्रामीणों ने भविष्य में भी स्वच्छता और विकास कार्यों में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया।
#balrampur #dmbalrampur #cdobalrampur