अनोखा प्रेम: पालतू डॉग 'टप्पू' की मौत पर परिवार ने कराई तेरहवीं, रिश्तेदारों को कराया मृत्युभोज
मेरठ। इंसान और जानवर के बीच अटूट प्रेम की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। शहर के डीएन इंटर कॉलेज में माली के पद पर कार्यरत सुनील यादव के परिवार ने अपने पालतू डॉग 'टप्पू' की मौत के बाद उसकी बाकायदा तेरहवीं का आयोजन किया। इस दौरान विधि-विधान से हवन कराया गया और रिश्तेदारों व पड़ोसियों के लिए मृत्युभोज का आयोजन हुआ, जिसमें टप्पू के पसंदीदा लड्डू विशेष रूप से बनवाए गए।
12 साल तक रहा परिवार का सदस्य
सुनील यादव ने बताया कि 12 साल पहले कॉलेज में एक देसी नस्ल की कुतिया ने टप्पू को जन्म दिया था, जिसे वे अपने घर ले आए थे। तब से टप्पू उनके परिवार का अहम हिस्सा बन गया था। सुनील की पत्नी सुनीता, 18 वर्षीय बेटी वर्षा और 17 वर्षीय बेटा शिवम उससे बेहद प्यार करते थे। बेटी वर्षा हर साल रक्षाबंधन पर टप्पू को राखी बांधती थी और परिवार मिलकर हर वर्ष उसका जन्मदिन भी धूमधाम से मनाता था।
गत 11 सितंबर को तबीयत बिगड़ने के कारण टप्पू की मौत हो गई थी। उसके निधन से दुखी परिवार ने उसे इंसान की तरह अंतिम विदाई दी और तेरहवीं संस्कार कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। यह अनोखा आयोजन पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Hardoi, Hardoi | Sep 15, 2026