#बलरामपुर ! शिक्षक दिवस पर जनपद के 29 उत्कृष्ट शिक्षक व कार्मिक सम्मानित, डीएम और एसपी ने राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि...
शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव, बच्चों में सकारात्मक वातावरण से पैदा करें जिज्ञासा: डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन
#बलरामपुर। देश के द्वितीय राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य शिक्षक दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन तथा पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया। समारोह के दौरान जनपद के विभिन्न विकास खंडों में शिक्षण एवं विद्यालयी गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 29 शिक्षकों व कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों में जिज्ञासा, अनुशासन और रचनात्मकता का विकास करें। उन्होंने शिक्षकों को नवाचार व रोचक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का सुझाव देते हुए कहा कि विद्यालयों में ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाए, जहां बच्चे बिना झिझक सीख सकें। डीएम ने जोर देकर कहा कि शिक्षक की वास्तविक उपलब्धि उसके विद्यार्थियों की सफलता और उनके एक जिम्मेदार नागरिक बनने में निहित है।
इन्हें मिला उत्कृष्ट कार्य का सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए विकास खंडवार शिक्षकों को सम्मानित किया गया:
बलरामपुर व नगर बलरामपुर: प्रियंका तिवारी, निर्मला कुमारी, मनीष वर्मा, प्रतिमा करौली
उतरौला व रेहरा बाजार: रंजना गुप्ता, शशिना वर्मा, रामेश्वर कुमार वर्मा, जितेन्द्र कुमार प्रजापति
हरैया सतघरवा व पचपेड़वा: अवध बिहारी, आशा गौतम, मनोज कुमार मिश्र, रजनीश
गैसड़ी व तुलसीपुर: राघवेन्द्र सिंह, हरिराम गुप्ता, शुभम श्रीवास्तव, अमित गुप्ता
श्रीदत्तगंज व गैड़ास बुजुर्ग: शिव प्रसाद, मो० असरार सिद्दीकी, कुतुबुल्लाह खान, शिव कुमार
इसके अलावा स्पेशल एजुकेटर श्रेणी में सत्येन्द्र सिंह, प्रतिमा सिंह, शैलेश कुमार पाण्डेय, देव बाबू पाण्डेय, सुरेश चन्द्र चौधरी और मेराज अहमद को सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से ममता यादव, संगीता मिश्र एवं कु० स्नेहलता को उनके विशेष योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur