युवाओं को नशे से दूर कर सेहतमंद भारत बनाने का संकल्प
पहलवान बिजेंद्र सिंह पानी की भरी बाल्टी आंखों से उठाकर व बच्चों को दांतों से झुलाने जैसे किए शक्ति प्रदर्शन, दिलाई शपथ
स्टीलमैन पहलवान बिजेंद्र सिंह ने शक्ति प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को दिया नशे व जंक फूड से दूर रहने का संदेश
भिवानी, 27 अगस्त : युवा शक्ति को नशे के दलदल से बाहर निकालने और उन्हें अनुशासित व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय युवा जनकल्याण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, विश्व रिकॉर्डधारी और स्टीलमैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध पहलवान बिजेंद्र सिंह का नशा विरोधी जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गांव आसलवास मरहेटा स्थित वीआईपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक विशेष शक्ति प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विद्यालय निदेशक संदीप शास्त्री, मैनेजर निशा शर्मा व प्राचार्या सुषमा सांगवान ने की।
कार्यक्रम के दौरान पहलवान बिजेंद्र सिंह ने अपने अदम्य शारीरिक कौशल और शक्ति का प्रदर्शन कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने अपने दांतों से बच्चों को झूला झुलाया, दांतों से बच्चों को उठाकर दौड़ लगाई और आंखों से पानी से भरी बाल्टी उठाने जैसे कई हैरतअंगेज करतब दिखाए। इन अद्भुत करतबों को देखकर स्कूल के बच्चे और शिक्षक दंग रह गए। शक्ति प्रदर्शन के माध्यम से बिजेंद्र सिंह ने यह संदेश दिया कि यदि शरीर को नशे से मुक्त रखा जाए और अनुशासित दिनचर्या का पालन किया जाए, तो मनुष्य असंभव लगने वाले कार्यों को भी संभव बना सकता है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्टीलमैन बिजेंद्र सिंह ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है, लेकिन नशा और अनियंत्रित खानपान इस भविष्य को अंधकार में धकेल रहे हैं। हमारा लक्ष्य केवल युवाओं को नशे से बचाना ही नहीं, बल्कि उन्हें एक मजबूत, स्वस्थ और ऊर्जावान नागरिक बनाना है। यदि युवा नशा और जंक फूड छोडक़र देसी खानपान और खेलकूद को अपने जीवन में अपनाएंगे, तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनेंगे। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और यही शक्ति देश के विकास में काम आएगी। कार्यक्रम के अंत में पहलवान बिजेंद्र सिंह ने वहां मौजूद करीब 350 छात्र-छात्राओं को नशे तथा जंक फूड से हमेशा दूर रहने और पौष्टिक आहार अपनाने की शपथ दिलाई। सभी विद्यार्थियों ने एक स्वर में नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भिवानी व दादरी के प्रभारी निरीक्षक मनोज सांगवान, सब-इंस्पेक्टर मक्खन सिंह और हेड कांस्टेबल मनजीत विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया और कानून व स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से नशे से दूर रहने की सलाह दी। इस मौके पर विद्यालय निदेशक संदीप शास्त्री, मैनेजर निशा शर्मा व प्राचार्या सुषमा सांगवान ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराईयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करते है तथा वे भविष्य में एक स्वस्थ समाज का निर्माण करने की नींव रखते है। इस अवसर पर ओमप्रकाश, अनिल, विजेंद्र, दिनेश, प्रीति, अंजू, रीतिू, आशा, सुमन, सोनिया, पिंकी वर्मा, मनीषा, लक्की, तमन्ना, साक्षी, चिराग, रिया सहित समस्त स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।