प्रेमनगर धरने को मिला दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ का जोरदार समर्थन, 131 एकड़ जमीन के बदले रोजगार और आरक्षण की मांग को लेकर गूंजी आवाज
मांगों के समर्थन में डीयू छात्र संघ चलाएगा बड़ा आंदोलन, शिक्षा में गुणात्मक सुधार पर भी दिया जोर
131 एकड़ मुफ्त जमीन के बदले रोजगार और आरक्षण की मांग पूरी तरह न्यायसंगत : रौनक खत्री
भिवानी, 27 अगस्त : चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के समक्ष पिछले छह वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर धरने पर बैठे गांव प्रेमनगर के ग्रामीणों के आंदोलन को उस समय बड़ा संबल मिला, जब दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की टीम धरने पर पहुंची और ग्रामीणों की मांगों को अपना खुला और जोरदार समर्थन दिया। धरने को संबोधित करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं एनएसयूआई छात्र नेता रौनक खत्री ने कहा कि प्रेमनगर के ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय निर्माण के लिए 131 एकड़ जमीन नि:शुल्क दी थी। इसके बदले में गांव के युवाओं को विश्वविद्यालय में रोजगार और दाखिले में आरक्षण देने की मांग पूरी तरह से न्यायसंगत और जायज है। उन्होंने प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विश्वविद्यालय प्रशासन और हरियाणा सरकार पिछले छह वर्षों से ग्रामीणों की इन जायज मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। रौनक खत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार ने ग्रामीणों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया, तो छात्र शक्ति के माध्यम से इस आवाज को दिल्ली तक बुलंद किया जाएगा और एक व्यापक आंदोलन खड़ा किया जाएगा। खत्री ने कहा कि वे और उनकी पूरी टीम शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए लगातार प्रयासरत हैं और जमीन पर उतरकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने धरने पर मौजूद जनसमूह से अपील की कि वे इस शिक्षा सुधार अभियान में भी बढ़-चढक़र साथ जुड़ें, ताकि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित हो सके। इस मौके पर छात्र नेता प्रवीण बूरा और छात्र शक्ति टीम के संयोजक सोमबीर बूरा ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया और आंदोलन को हर स्तर पर मजबूती देने का भरोसा दिलाया। धरना समिति के प्रधान कैप्टन कलम सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ और छात्र शक्ति टीम का धरना स्थल पर पहुंचने व समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री, आर्यन मान, आशीष उमरा, अभिमन्यु ओला, गौरव बूरा, विनीत पंघाल, छात्र शक्ति टीम संयोजक सोमबीर बूरा, छात्र नेता प्रवीण बूरा, दीपक, निखिल, दीपक बूरा, धरना समिति प्रधान कैप्टन कलम सिंह, राजेंद्र दूहन पंच, सुखबीर ढांडा, राजेश कुंवार, साहिल दहिया, ईश्वर दहिया, जयपाल बूरा, बलवान मास्टर सहित सैकड़ों ग्रामीण व युवा मौजूद रहे।