छठ महापर्व के समापन के बाद महुली गंगा घाट पर चलाया गया व्यापक स्वच्छता अभियान
आरा, भोजपुर। आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा के निर्देशानुसार लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के सफल समापन के उपरांत महुली गंगा घाट पर जिला गंगा समिति, भोजपुर एवं दिशा–एक प्रयास सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान घाट परिसर, सीढ़ियों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। साथ ही, छठ पूजा के दौरान बिखरी पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्टों को एकत्रित कर उनका उचित निस्तारण किया गया, ताकि घाट की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे श्री अमित कुमार सिंह ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुँचते हैं। पर्व के समापन के बाद घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है, जितना पर्व के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना। उन्होंने आमजनों से गंगा की निर्मलता एवं अविरलता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा घाटों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की।
वहीं, दिशा–एक प्रयास सोसाइटी की सचिव श्रीमती सुनीता सिंह ने कहा कि अभियान को सफल बनाने में स्वच्छता पर्यवेक्षकों, स्वच्छता कर्मियों एवं एनजीओ के छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से गंगा घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा जनभागीदारी के जरिए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
@iprdbihar
160 views | Bhojpur, Bihar | Nov 19, 2026