नशा मुक्त भारत अभियान के तहत समाहरणालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान आयोजित
लखीसराय। समाज कल्याण विभाग, बिहार द्वारा 17 जून से 26 जून तक चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत शनिवार को समाहरणालय परिसर, लखीसराय में हस्ताक्षर अभियान (सिग्नेचर कैंपेन) का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार तथा सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक धीरेज कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से जिले में नशा उन्मूलन को लेकर व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
Lakhisarai, Lakhisarai | Jun 20, 2026