महिलाओं को योजनाओं की दी जानकारी, बाल विवाह रोकथाम की दिलाई शपथ
लखीसराय। महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से सूर्यगढ़ा प्रखंड के नवाबगंज गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-11 पर सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस सह मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी श्रीमती बंदना पाण्डेय ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि महिला एवं बाल विकास निगम की पहल पर साप्ताहिक सखी वार्ता के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से महिलाओं की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी पहल की जा रही है। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।इस दौरान सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर चल रहे सामाजिक अंकेक्षण की जानकारी भी लाभुकों को दी गई। महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं एवं किशोरियों के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत या सहायता के लिए इस नंबर का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर उपस्थित महिलाओं को सामूहिक शपथ दिलाई गई। आंगनबाड़ी सेविका सुनीता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं।