मीरा सद्भावना चौक को मिला नया आकर्षक स्वरूप, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने संगीतमय फव्वारे व नवीनीकरण पार्क का किया उद्घाटन।
करीब 1 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से हुआ चौक का सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण, पार्क और फव्वारा शहरवासियों को समर्पित।
करनाल 21 नवंबर, शहर के सौंदर्यीकरण, नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध करवाने तथा शहरी सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम करनाल द्वारा वार्ड नंबर 7 स्थित मीरा सद्भावना चौक का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण करवाया गया है। शनिवार को केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने चौक पर स्थापित संगीतमय फव्वारे का उद्घाटन कर नवनिर्मित चौक एवं पार्क को शहरवासियों को समर्पित किया।
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, महापौर रेणु बाला गुप्ता, उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, वार्ड नंबर 7 के पार्षद जोगिंद्र शर्मा सहित भाजपा नेता, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
शहर के सार्वजनिक स्थलों को सुंदर और नागरिकों के लिए उपयोगी बनाना सरकार की प्राथमिकता-मनोहर लाल।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि शहरों का विकास केवल सडक़, सीवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शहर में ऐसे सुंदर एवं व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल भी विकसित किए जाने चाहिए, जहां नागरिक अपने परिवार के साथ समय बिता सकें और उन्हें स्वच्छ, शांतिपूर्ण तथा सकारात्मक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि मीरा सद्भावना चौक का विकसित स्वरूप शहर की सुंदरता में वृद्धि करेगा और क्षेत्र के नागरिकों को एक बेहतर स्थान उपलब्ध करवाएगा।
उन्होंने नगर निगम द्वारा चौक के नवीनीकरण, पार्क के विकास तथा संगीतमय फव्वारे की स्थापना के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य शहर की पहचान को बेहतर बनाने के साथ-साथ नागरिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को शहर में विकास कार्यों को गुणवत्ता, उपयोगिता और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
मीरा सद्भावना चौक के विकास से शहर की सुंदरता में होगा इजाफा- महापौर।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम करनाल शहर के विकास के साथ-साथ शहर के चौक-चौराहों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मीरा सद्भावना चौक का नवीनीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संगीतमय फव्वारा, विकसित पार्क और आकर्षक सुविधाएं इस स्थल को शहरवासियों के लिए एक खूबसूरत आकर्षण बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहर की सुंदरता एवं स्वच्छता को बनाए रखने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे इस विकसित स्थल की सुंदरता बनाए रखें, स्वच्छता का ध्यान रखें तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में अपना सहयोग दें।
आधुनिक सुविधाओं और बेहतर डिजाइन के साथ चौक का किया गया नवीनीकरण-निगमायुक्त।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि मीरा सद्भावना चौक को आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप देने के लिए नगर निगम द्वारा यहां सिविल वर्क, इलेक्ट्रिक वर्क, संगीतमय फव्वारे की स्थापना, पार्क का विकास तथा फाउंटेन पोंड के चारों ओर स्टेनलेस स्टील की ग्रिल लगाने जैसे विभिन्न कार्य करवाए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से चौक को पहले से अधिक सुंदर, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए आकर्षक बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर कुल 1 करोड़ 55 लाख 87 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें संगीतमय फव्वारे एवं विद्युत कार्य पर 1 करोड़ 8 लाख 18 हजार रुपये तथा सिविल कार्य पर 47 लाख 69 हजार रुपये की लागत आई है। विकास कार्यों की दोष दायित्व अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है, ताकि इस अवधि में कार्य की गुणवत्ता एवं किसी भी तकनीकी कमी के संबंध में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार एजेंसी की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जा सके।
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम शहर में नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान विकसित करने, पार्कों को सुविधाजनक बनाने और शहरी आधारभूत ढांचे को सुंदर एवं आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पार्क एवं फव्वारे का उपयोग जिम्मेदारी से करें और इसे साफ-सुथरा रखने में अपना सहयोग दें।
उद्घाटन के बाद संगीतमय फव्वारे का लिया आनंद।
उद्घाटन समारोह के पश्चात केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पार्क का भ्रमण किया तथा संगीतमय फव्वारे का अवलोकन किया। इस दौरान पार्क में मौजूद नागरिकों ने भी संगीतमय फव्वारे की प्रस्तुति का आनंद लिया। नए स्वरूप में विकसित मीरा सद्भावना चौक लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना और क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य का स्वागत किया।