व्यासपुर, 21 नवंबर।
श्री कपाल मोचन -आदि श्री बद्री मेला में जिला प्रशासन की ओर से बुजुर्गों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मेले में धार्मिक स्थलों, घाटों एवं सरोवरों तक पहुंच सकें। इस सेवा कार्य में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, एनएसएस, रेडक्रॉस तथा एनसीसी के स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, यमुनानगर की ओर से स्काउट्स मास्टर एवं कब मास्टर्स की ड्यूटी लगाई गई है। स्काउट्स विंग के इंचार्ज मुकेश कुमार के नेतृत्व में नितिन वालिया, मान सिंह, राजेश, संजीव एवं तिलक सहित अन्य स्वयंसेवक बुजुर्गों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर के माध्यम से आवागमन में सहायता प्रदान कर रहे हैं। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने, रास्तों पर सहयोग करने तथा जरूरत पड़ने पर व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने में तत्पर रहते हैं।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स यूनिट राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर के 32 स्काउट्स भी मेले में विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं। ये स्काउट्स गौ-बच्छा घाट, ऋण मोचन तथा सूरज कुंड सरोवर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सहायता एवं सेवा में जुटे हुए हैं। भीड़ के दौरान बुजुर्गों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध करवाने और आवश्यक सहयोग देने में उनकी अहम भूमिका है।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से इंचार्ज योगेश कुमार एवं सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों की टीम भी मेले में सेवाएं दे रही है। एनएसएस के 20 कार्यक्रम अधिकारी (पीओ) विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग कर श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सेवा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से कविता सहित अन्य सदस्य जरूरतमंद श्रद्धालुओं को सहायता उपलब्ध करवाने में जुटे हुए हैं। वहीं स्काउट्स, एनएसएस एवं एनसीसी के स्वयंसेवक भी सेवा, अनुशासन और समर्पण के भाव से मेले में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
मेले में तैनात इन स्वयंसेवकों की सेवा भावना से बुजुर्गों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है। धार्मिक आयोजन में सेवा और सहयोग की यह भावना मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ मानवता, संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश दे रही है।
#HVN24