जालौन में महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, CCTV में कैद हुई वारदात
जालौन। नगर में रविवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन झपट ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज़ी से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पीड़िता साधना, पत्नी विक्रम, निवासी मोहल्ला नया खंडेराव, अपने भतीजे अंकुश के साथ बाजार से खरीदारी करने के बाद कोतवाली रोड स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान पर पहुंची थीं। भतीजा मोबाइल लेने के लिए दुकान के अंदर गया, जबकि साधना बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने मौका देखकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। नागरिकों ने नगर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Aug 2, 2026