आयुर्वेद दिवस की पूर्व गतिविधि के तहत गोपालपुरा में आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित
-
53 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का किया गया वितरण
-
संचालनालय आयुष भोपाल, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी टीकमगढ़ डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयुर्वेद-योग के प्रचार-प्रसार, 23 सितंबर को मनाए जाने वाले ’’11वें आयुर्वेद दिवस’’ के प्रति जनजागरूकता तथा सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेद औषधालय कारी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र गोपालपुरा में आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बालक-बालिकाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं सहित कुल ’’53 लाभार्थियों’’ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रोगानुसार आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ’’डॉ. अनिता राय’’ ने पोषण आहार, स्वस्थ जीवनशैली एवं योग के महत्व की जानकारी देते हुए सभी को प्रतिदिन योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य की दृष्टि से लाभदायक एवं सुरक्षित योगासनों का अभ्यास भी कराया गया।
शिविर के दौरान स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद थीम पर चर्चा करते हुए आयुर्वेद की उपयोगिता एवं दैनिक जीवन में इसके महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न औषधीय पौधों का परिचय एवं उनके औषधीय गुणों की जानकारी देते हुए लोगों को अपने घरों में औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
महिलाओं एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्त परिवार एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
शिविर में कास, ज्वर, श्वेत प्रदर, प्रतिश्याय, उदर रोग, उदर शूल, शिरःशूल, दौर्बल्य, वात रोग, रक्ताल्पता एवं त्वचा रोग आदि से संबंधित रोगियों को आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियां प्रदान की गईं।
#SevaSankalpAbhiyan
#सेवा_संकल्प_अभियान
#tikamgarh