गोबरसही गैस पाइप विस्फोट के पीड़ितों के लिए आगे आईं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह, बांटी राहत सामग्री; मुआवजे और मुफ्त कानूनी सहायता का दिया भरोसा
मुजफ्फरपुर के गोबरसही में हुए गैस पाइप विस्फोट हादसे से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने मानवीय पहल की है। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्ष सुश्री श्वेता कुमारी सिंह ने पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री का वितरण किया।
इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। एक विवाह भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं अन्य प्रभावित लोगों के बीच साड़ी, गमछा, शर्ट, पैंट, कंबल, शॉल और बच्चों के कपड़े वितरित किए गए।
श्वेता कुमारी सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मुआवजे की प्रक्रिया की जा रही है और वह लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं। उनका प्रयास रहेगा कि सभी प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिन परिवारों ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है, उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन ऐसे परिवारों को चिह्नित कर यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार सभी जरूरतमंद प्रभावित परिवारों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगा। इसके लिए पीड़ित व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
इस पहल से हादसे से प्रभावित परिवारों को राहत और न्याय की उम्मीद मिली है।
#TirhutNow #GobarsahiGasBlast #MuzaffarpurNews #LegalAid #ReliefDistribution