दीपावली पर मुजफ्फरपुर में सुरक्षा का अभेद्य पहरा! 292 स्थानों पर दंडाधिकारी-पुलिस बल तैनात, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी
दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अफवाहों का तत्काल खंडन करने, सोशल मीडिया पर नजर रखने और संवेदनशील इलाकों में सघन गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
दीपावली पर सुरक्षा के मद्देनजर जिले के 292 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, 14 सेक्टर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी भी तैनात रहेंगे। सात मुख्य मार्गों पर 15 गश्ती दल लगातार भ्रमणशील रहेंगे।
नगर भवन स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में CCTV कैमरों और ड्रोन से निगरानी होगी। इसके साथ ही QRT, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और अग्निशमन दस्ते को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।
अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध और निर्धारित नियमों के पालन को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से शांति और सौहार्द के साथ दीपावली मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर देने की अपील की है।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #DiwaliSecurity #MuzaffarpurPolice #BiharNews