मुजफ्फरपुर में महिला सशक्तिकरण की नई पहल! 15 जीविका दीदियों को मिले ई-रिक्शा, अब आत्मनिर्भरता की राह होगी आसान
मुजफ्फरपुर में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार, 7 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव एवं उप विकास आयुक्त की उपस्थिति में बोचहां प्रखंड की 15 जीविका दीदियों को ई-रिक्शा सौंपे गए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत कुल 15 ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें 10 ई-रिक्शा यात्री परिवहन के लिए, जबकि 5 ई-रिक्शा माल एवं अन्य वस्तुओं के परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।
खास बात यह है कि इन महिला उद्यमियों का चयन बोचहां प्रखंड के पांच अलग-अलग संकुल स्तरीय संघों से किया गया है। सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं।
जिला प्रशासन, जीविका, सस्टेन प्लस और आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) की संयुक्त पहल से इस योजना को धरातल पर उतारा गया है। इसमें गेट्स फाउंडेशन का भी सहयोग प्राप्त हुआ है।
कुछ दीदियां पहले से ई-रिक्शा चलाने में सक्षम हैं, जबकि अन्य को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे नियमित आमदनी अर्जित कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
यह पहल ग्रामीण महिलाओं को रोजगार देने के साथ आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में भी एक सार्थक कदम है।
#Muzaffarpur #JeevikaDidi #WomenEmpowerment #SelfEmployment #TirhutNow