जमुई: दूर परीक्षा केंद्र बनाने को लेकर ABVP ने परीक्षा नियंत्रक का पुतला दहन कर की नारेबाजी
मुंगेर विश्वविद्यालय द्वारा जमुई जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के परीक्षा केंद्र 80 से 90 किलोमीटर तक दूर निर्धारित किए जाने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानि (ABVP) ने गुरुवार की दोपहर जिले के विभिन्न कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही केकेएम कॉलेज में परीक्षा नियंत्रक का पुतला दहन करते हुए नारेबाजी की।
ABVP कार्यकर्ताओं का कहना है कि परीक्षा केंद्र अत्यधिक दूर होने के कारण छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। कई परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति भी खराब है तथा जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। ऐसे में दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना विद्यार्थियों के लिए काफी कठिनाई भरा होगा। विशेष रूप से छात्राओं को आवागमन में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
जिले के KKM कॉलेज जमुई, PPY कॉलेज चकाई, DSM कॉलेज झाझा, SPS महिला कॉलेज जमुई, SK कॉलेज लोहंडा तथा डॉ. अरविंद कुमार कॉलेज, बिशनपुर-चकाई सहित अन्य महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्रों को नजदीकी महाविद्यालयों में निर्धारित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
ABVP कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग किया कि सभी महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित महाविद्यालय से लगभग 15–20 किलोमीटर के दायरे में निर्धारित किए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा के लिए अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े।
विभिन्न कॉलेजों में आयोजित विरोध कार्यक्रमों में शांतनु सिंह, अभिनव दुबे, हरिनंदन प्रजापति, दीपक चौधरी, स्वाति सिंह, श्रुति प्रभात सहित कई छात्र नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अलग-अलग नगर इकाइयों के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय के इस निर्णय पर शीघ्र पुनर्विचार करने की मांग की।
इस संबंध में ABVP के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं छात्र नेता अमन सिंह चंदेल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द से जल्द परीक्षा केंद्रों को नजदीक नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ABVP ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र निर्धारण में विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल सभी परीक्षा केंद्रों की समीक्षा कर उन्हें नजदीकी एवं सुविधाजनक महाविद्यालयों में स्थानांतरित करने की मांग की है। #jamui #ABVP #collegeprotest
Jamui, Jamui | Oct 9, 2026