*शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर का उद्देश्य – कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान*
*चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र में 64 नवीन सड़कों के निर्माण से विकास को मिलेगी गति, प्रधानमंत्री आवास योजना में 80 हजार नए आवासों का होगा निर्माण*
*आलीराजपुर, 27 नवंबर 2026।* अनुसूचित जाति कल्याण विभाग एवं कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर का आयोजन झिरण में किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं समस्याओं के समाधान की सुविधा मिल रही है।
*64 नवीन सड़कों से गांवों को मिलेगी विकास की नई राह*
कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रशेखर आजाद नगर के ग्रामीण क्षेत्रों में 64 नवीन सड़कों के निर्माण का भूमि पूजन किया गया है। शीघ्र ही इन सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। सड़कों के निर्माण से दूरस्थ फलियों और गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क बेहतर होगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने तथा मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
*प्रधानमंत्री आवास योजना से हजारों परिवारों को मिलेगा पक्का मकान*
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में योजना के तहत एक लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया जा चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 80 हजार नवीन आवासों का भी निर्माण किया जाएगा। इससे पात्र परिवारों को पक्के आवास की सुविधा मिलेगी और उनके सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन का सपना साकार होगा।
*महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन प्रतिबद्ध*
महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए मंत्री श्री चौहान ने कहा कि शासन द्वारा लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से बेटियों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर उन्हें विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। समूहों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर महिलाओं को छोटे व्यवसाय, आजीविका गतिविधियां एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर दिए जा रहे हैं। महिलाएं इन अवसरों का लाभ लेकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ समाज के विकास में भी सहभागी बनें।
*आयुष्मान योजना से मिल रही निःशुल्क उपचार की सुविधा*
मंत्री श्री चौहान ने आयुष्मान आरोग्य योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आयुष्मान योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित पात्रता एवं प्रावधानों के अनुसार सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा योजना का लाभ लेने का आह्वान किया।
*युवा महंगी गाड़ियों और मोबाइल के बजाय स्वरोजगार से जुड़ें*
युवाओं को प्रेरित करते हुए मंत्री श्री चौहान ने कहा कि युवा महंगी गाड़ियों और मोबाइल पर खर्च करने के बजाय स्वरोजगार एवं व्यवसाय से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करें। उन्होंने युवाओं से पशुपालन, मुर्गी पालन सहित अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा मेहनत और लगन से छोटे व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं तथा अपनी आय के नए स्रोत विकसित कर सकते हैं।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान ने उपस्थित ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वस्थ परिवार, बेहतर समाज एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर में कुल 392 आवेदन प्राप्त हुए प्राप्त आवेदनों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 51, पुलिस विभाग के 01,स्वास्थ्य विभाग के 277, उद्यानिकी विभाग के 9, विद्युत विभाग के 9, महिला एवं बाल विकास विभाग के 6, लोक निर्माण विभाग के 6, राजस्व विभाग के 3, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के 3, शिक्षा विभाग के 2, प्रधानमंत्री सड़क विकास के 2, सिंचाई विभाग के 2 तथा सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों के आवेदन शामिल रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री समर वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम ,अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास ,अनुविभागीय अधिकारी सुश्री दीपिका पाटीदार ,जनप्रतिनिधि श्री माधव सिंह डावर,श्री कमरू अजनार सहित एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Indore Commissioner
#मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान
#collector
#alirajpur
Alirajpur, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026