कोटा में युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
दुकान की पुरानी उधारी को लेकर हुआ विवाद, हमले में रोहित राठौर गंभीर घायल
कोटा। कोटा ग्रामीण के कैथून थाना क्षेत्र के अरंडखेड़ा गांव में मंगलवार देर रात चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। दुकान की पुरानी उधारी को लेकर चल रहे विवाद और रंजिश में कुछ युवकों ने रोहित राठौर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के MICU में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार अरंडखेड़ा निवासी रोहित राठौर पुत्र अमरलाल राठौर मंगलवार देर रात हनुमान मंदिर में सुंदरकांड कार्यक्रम से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के भैरूजी चौक पर कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दुकान से सामान लेने और पुरानी उधारी चुकाने को लेकर विवाद हुआ था, जो पुरानी रंजिश में बदल गया।
घटना के बाद घायल रोहित को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में हरिओम सेन और उसके तीन अन्य साथियों पर हमले का आरोप सामने आया है।
कैथून थानाधिकारी मनोज सिकरवाल ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Ladpura, Kota | Nov 12, 2026