सपा नेता बब्लू तिवारी ने तेज किया जनसंपर्क, नागरिकों से कर रहे सीधा संवाद
जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना ही राजनीति का मूल उद्देश्य : बब्लू तिवारी
बस्ती। 309 रुधौली विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रबल दावेदार बब्लू तिवारी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पिछले कई महीनों से वह क्षेत्र के विभिन्न गांवों, बाजारों और प्रमुख स्थानों का लगातार भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। उनके लगातार क्षेत्र भ्रमण से राजनीतिक गतिविधियों में भी तेजी देखी जा रही है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान बब्लू तिवारी ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और क्षेत्र की जरूरतों को समझने का प्रयास कर रहे हैं। सरैनी, भुजैनिया, हसनापुर, पिपरा संसारपुर, जगतापुर, चेकचई और देईपार समेत दर्जनों गांवों का उन्होंने भ्रमण किया।
बब्लू तिवारी का कहना है कि राजनीति उनके लिए महज चुनाव लड़ने या सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं है। जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना, जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहना और क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना ही उनकी राजनीति की मूल भावना है।
उन्होंने कहा कि रुधौली विधानसभा क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए जनप्रतिनिधि और जनता के बीच मजबूत संवाद तथा साझा प्रयास जरूरी है। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता का समर्थन और विश्वास मिला तो रुधौली को विकास की नई दिशा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
युवाओं के रोजगार पर विशेष जोर
जनसंपर्क के दौरान बब्लू तिवारी युवाओं से भी लगातार संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रुधौली क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, कौशल विकास को प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी पहल उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
महिलाओं के सशक्तीकरण, छात्र-छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं पर चर्चा की। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिलना चाहिए। वहीं क्षेत्र की बदहाल सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई।
बब्लू तिवारी ने कहा कि उनका जनसंपर्क अभियान केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों से मिल रहे सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से समझा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जनसंपर्क अभियान को और व्यापक किया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उनकी बात सुनने का प्रयास किया जाएगा।
Basti, Basti | Aug 30, 2026