जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 30 अगस्त 2026
*थानाध्यक्ष वाल्टरगंज उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह के निधन पर पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, नम हुईं सबकी आंखें*
बस्ती। थाना वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह के असामयिक निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। आज पुलिस लाइन में उनके पार्थिव शरीर पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शोक धुन के बीच उन्हें शोक सलामी दी गई।
आपको बता दें दिनांक 29.08.2026 को दोपहर लगभग 1 बजे थानाध्यक्ष वाल्टरगंज पानी टंकी के पास से अपने हमराही और चालक को सिविल लाइन चौकी पर रुकने के लिए कहकर कचहरी के पास स्थित अपने सरकारी आवास पर आराम करने चले गए थे। शाम को बार-बार फोन करने पर जब कॉल नहीं उठा तो हमराही ने चौकी प्रभारी सिविल लाइन को सूचना दी। साथ में रह रहे उपनिरीक्षक बलराम ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया, अंदर थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह लटके हुए मिले।
मृतक PNO 882060072 सूर्य प्रकाश सिंह पुत्र स्व0 उमाशंकर सिंह निवासी भीलमपुर छपरा थाना अतरौलिया जनपद आजमगढ़ के मूल निवासी थे। वह 15.02.1988 को आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे, 07.09.2008 को हेड कांस्टेबल और 11.11.2016 को वरिष्ठता सूची से उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए थे। वह एक अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।
पुलिस लाइन में जब उनका पार्थिव शरीर पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। परिवार के लोग भी पहुंचे, पत्नी, बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था। हर आंख नम थी। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं कंधा देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
पुलिस परिवार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें।
वर्दी के पीछे भी एक इंसान होता है, जो दिन-रात तनाव, दबाव और जिम्मेदारियों से जूझता है। कभी-कभी एक छोटी सी बातचीत किसी की जान बचा सकती है। अगर आप तनाव, अकेलापन या घुटन महसूस कर रहे हैं, तो कृपया अकेले मत रहिए। अपने परिवार, दोस्त या साथी से बात कीजिए। जीवन अनमोल है, हर समस्या का समाधान है, आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं। आइए हम सब एक दूसरे का सहारा बनें, सुनें और समझें।
*ॐ शांति।* शत् शत् नमन विनम्र श्रद्धांजलि
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भाग
Basti, Basti | Aug 30, 2026