हरदोई में H1N1 ने बढ़ाई चिंता, 16 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि
हरदोई जिले में इन्फ्लूएंजा एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अब तक जिले में 16 लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कुछ मरीजों का उपचार लखनऊ, बरेली और शाहजहांपुर के उच्च चिकित्सा केंद्रों में चल रहा है, जबकि कुछ मरीज चिकित्सकीय निगरानी में घर पर हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पांडे के मुताबिक, जिले में स्वाइन फ्लू की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत की बात यह है कि हरदोई मेडिकल कॉलेज में अब तक कराई गई 21 जांचों में किसी भी मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं मिली है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जांच और सैंपल कलेक्शन की प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।स्वास्थ्य विभाग के यूडीएसपी आंकड़ों के अनुसार, अर्बन हरदोई के धर्मशाला मार्ग निवासी 40 वर्षीय आरती गुप्ता की निजी पैथोलॉजी में हुई जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं बावन ब्लॉक के महोलिया शिवपार निवासी 45 वर्षीय आराधना उपाध्याय की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें लखनऊ के केजीएमयू ले जाया गया।आरटी-पीसीआर जांच में संक्रमण की पुष्टि के बाद उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
*स्वाइन फ्लू को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है*
शाहाबाद क्षेत्र के अंगवां गांव निवासी 27 वर्षीय मुन्नी बेगम को सांस लेने में परेशानी के बाद बरेली के राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेवी गोगोई ने बताया कि संस्थान में स्वाइन फ्लू को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। प्रयोगशाला से लेकर सैंपल लेने तक प्रत्येक स्तर पर निगरानी की जा रही है।संक्रमण की रोकथाम के लिए सीएमओ ने बावन, शाहाबाद और अर्बन हरदोई के स्वास्थ्य अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य टीमें मरीजों के घर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। ऐसे लोगों को बचाव के लिए प्रोफिलैक्सिस दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग ने कार्रवाई की जियोटैग तस्वीरों सहित रिपोर्ट भी मांगी है। भरावन, बावन और मल्लावां में नए मरीज मिलने के बाद सैनिटाइजेशन व छिड़काव कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार जिले में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
Hardoi, Hardoi | Sep 10, 2026