उफनती अरिल नदी की पुलिया पार करते समय बाइक सवार तीन युवक बहे, तलाश में जुटा प्रशासन
बरेली। आंवला थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर रोड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां उफान पर आई अरिल नदी की रपट (छोटी पुलिया) को पार करने के प्रयास में बाइक सवार तीन युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
मना करने के बावजूद उफनती पुलिया पर बढ़ाई बाइक
क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अरिल नदी का जलस्तर बढ़ गया था और रपट के ऊपर करीब दो फीट तेज बहाव का पानी बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने युवकों को आगे बढ़ने से मना भी किया था, लेकिन तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर उफनते पानी के बीच रपट पार करने लगे। पानी के तेज करंट से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों बाइक समेत नदी में समा गए।
सघन सर्च ऑपरेशन जारी, बाइक बरामद
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक बहने के दौरान खुद को बचाने के लिए झाड़ियों को पकड़ने की कोशिश करते दिखे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से बाइक को पानी से बाहर निकाल लिया है। वहीं, लापता युवकों की तलाश के लिए पीएसी व स्थानीय गोताखोरों द्वारा नदी के बहाव क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार न करने की सख्त अपील की है।
Hardoi, Hardoi | Sep 10, 2026