अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 प्रकरण दर्ज
72 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा, 1100 किलोग्राम लहान एवं 25 क्वार्टर देशी मदिरा जब्त
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के विक्रय एवं निर्माण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग द्वारा वृत्त पिपरिया के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 8 प्रकरण कायम किए गए।
आबकारी विभाग द्वारा पिपरिया के रायखेड़ी रोड, बनखेड़ी, पलिया पिपरिया, पासी ढाना, कामती एवं मुर्गी ढाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 72 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा, 1100 किलोग्राम लहान एवं 25 क्वार्टर देशी मदिरा जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है।
उक्त कार्रवाई में आबकारी विभाग के कार्यपालिक स्टाफ सहित सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री राहुल ढोके एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आबकारी विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध मदिरा गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh