*बाल विवाह रोकने और महिला सुरक्षा के लिए चलाया जागरूकता अभियान*
*मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों की दी जानकारी*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री माधुरी रजक के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति (हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर के दुर्गा मंदिर परिसर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र, वार्ड क्रमांक 12 में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, लैंगिक समानता, बालिका शिक्षा और बाल विवाह के दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती रितु खांडे ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में समुदाय की सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को प्रभावित करता है। कम उम्र में विवाह से विशेषकर बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
वन स्टॉप सेंटर परामर्शदाता श्रीमती निकिता मरकाम ने सेंटर की भूमिका एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता, परामर्श, कानूनी सहायता, पुलिस सहायता तथा अन्य संबंधित सेवाओं से जोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना, बाल विवाह की रोकथाम में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना तथा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति सामाजिक जागरूकता विकसित करना रहा।
#MissionShakti #BetiBachaoBetiPadhao #ChildMarriageFreeIndia #StopChildMarriage #WomenSafety #WomenEmpowerment #GirlsEducation #GenderEquality #WomenRights #ChildProtection #OneStopCentre #SocialAwareness #CollectorDindori #AnjuPawanBhadoria #Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori
45 views | Dindori, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026