पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के मामले में 1 आरोपी पति गिरफ्तार।
आरोपी ने शराब पीकर खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने की वारदात को दिया था अंजाम।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 19 जुलाई । 16 जुलाई को पुलिस थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम को सूचना प्राप्त हुई कि गांव बादशाहपुर स्थित सब्जी मंडी के निकट बनी झुग्गियों में झुग्गी नंबर-24 में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम द्वारा एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी, गुरुग्राम भिजवाया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के पति दिनेश द्वारा पुलिस को बताया गया कि उसकी पत्नी की मृत्यु अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई है। इस पर पुलिस द्वारा नियमानुसार धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई की गई। इसके उपरांत मोर्चरी, गुरुग्राम से प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मृत्यु का कारण गला दबाने (Ante Mortem Manual Neck Compression) से दम घुटना अंकित किया गया।
17 जुलाई को मोर्चरी, गुरुग्राम में झुग्गी मालिक विकास ने पुलिस टीम को लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि मृतका तलमई किसकू अपने पति दिनेश के साथ पिछले लगभग एक माह से उसकी झुग्गी में किराये पर रह रही थी। दोनों पति-पत्नी प्रतिदिन शराब का सेवन करते थे तथा उनके बीच अक्सर आपसी कहासुनी व झगड़ा होता रहता था। 14 जुलाई की रात्रि को भी दोनों के बीच शराब पीने के बाद विवाद हुआ था। 16 जुलाई को महिला झुग्गी में मृत अवस्था में मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनेश ने शराब के नशे में हुए विवाद की रंजिश रखते हुए अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी तथा स्वयं को बचाने के उद्देश्य से पुलिस के समक्ष झूठी जानकारी देकर मृत्यु का कारण अत्यधिक शराब पीना बताया। उपरोक्त शिकायत एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अभियोग में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने 19 जुलाई को टिकली रोड, बादशाहपुर, गुरुग्राम से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दिनेश (उम्र 35 वर्ष) निवासी गांव आलम नगर, जिला लखनऊ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांव बादशाहपुर, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका तलमई किसकू उसकी पत्नी थी तथा दोनों गुरुग्राम में मजदूरी का कार्य करते थे। 14 जुलाई की रात्रि को वह शराब पीकर घर आया और अपनी पत्नी से खाना बनाने के लिए कहा। पत्नी द्वारा मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने हाथों एवं एक कपड़े से पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से चला गया तथा अपने बचाव के लिए पुलिस के समक्ष झूठे बयान दिए।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ करते हुए वारदात में प्रयुक्त कपड़ा, अन्य साक्ष्य एवं मामले से जुड़े तथ्यों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।