शादी समारोह से नगदी व आभूषण चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का 1 सदस्य (आरोपी) गिरफ्तार।
कब्जा से 9 लाख रुपयों की नगदी बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 20 जुलाई । 29 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति ने थाना शहर सोहना, गुरुग्राम में एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 28 नवंबर 2025 की रात को अग्रसेन भवन सोहना-पलवल रोड पर इसके लड़के का लग्न समारोह था। इस समारोह के दौरान इनका बैग जिसमें लाखों रुपए, आभूषण व अन्य समान था कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया। इस शिकायत पर पुलिस थाना शहर सोहना, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में एक आरोपी को 16 जुलाई को भोपाल रेलवे स्टेशन, मध्य-प्रदेश से गिरफ्तार किया, आरोपी की पहचान निकिल (उम्र-21 वर्ष) निवासी गांव कड़िया सांसी जिला राजगढ़ (मध्य-प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा अभियोग में आगामी कार्यवाही के लिए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करके 5 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि यह (उपरोक्त आरोपी) अपने अन्य साथियों के साथ शादियों के सीजन में विभिन्न राज्यों में जाते है और मौका देखकर किसी भी शादी समारोह में घुस जाते हैं तथा वहां पर शादी समारोह के दौरान रुपयों का लेन-देन देखने वाले व्यक्ति की पहचान करके उसके आसपास रहते हैं तथा जब वह व्यक्ति आभूषण का बैग कहीं पर भी रखता है तो यह उसको चोरी करके वहां से भाग जाते हैं। उपरोक्त अभियोग में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी करने, डकैती करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत 12 अभियोग दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर-प्रदेश, महाराष्ट्र में अंकित हैं।
पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जा से 9 लाख रुपयों की नगदी बरामद की गई हैं।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी से अन्य राज्यों में की गई चोरी के संबंध में भी गहनता से पूछताछ की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।