पलाणी नाले को पार करने का खौफनाक वीडियो वायरल, जान जोखिम में डालकर आवाजाही को मजबूर ग्रामीण
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
भरमौर की ग्राम पंचायत बडग्रां के पलाणी नाले को जान जोखिम में डालकर पार करते लोगों का खौफनाक वीडियो सामने आया है। नाले का जलस्तर बढ़ते ही पूरी पंचायत का संपर्क प्रभावित हो जाता है और ग्रामीणों को मजबूरी में जोखिम उठाकर नाला पार करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पलाणी नाले की समस्या को लेकर वे प्रशासन और संबंधित विभाग को डेढ़ सौ से अधिक ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों के मुताबिक भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज भी कई बार मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं, बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है।
क्या कहना है विभाग के अधिकारियों का
वहीं, संबंधित विभाग का कहना है कि पलाणी नाले पर प्रस्तावित कार्य करीब 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। विभाग के अनुसार बड़ी मशीनरी और हाइड्रा मौके तक नहीं पहुंच पाने के कारण कार्य मैनुअल तरीके से किया जा रहा है, जिसके चलते निर्माण कार्य में देरी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान नाले का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे आवाजाही बेहद खतरनाक हो जाती है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर पलाणी नाले की समस्या का जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि पंचायत के लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार न करना पड़े।
प्रधान राकेश कुमार ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने कहा है कि विकल्प होने के चलते मजबूरी में लोग जान जोखिम में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा है कि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कभी भी कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
Dharwala, Chamba | Aug 17, 2026