प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 05 अक्टूबर 2026
पितृपक्ष मेला 2026 के दसवें दिन व्यवस्थाओं की समीक्षा, साफ-सफाई, नेटवर्क सुविधा एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दिए आवश्यक निर्देश
गया जी, 05 अक्टूबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 के दसवें दिन जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभांकर जी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, गया श्री सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विष्णुपद स्थित संवास सदन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सुपर जोनल एवं जोनल दंडाधिकारियों से दिनभर मेला क्षेत्र में की गई गतिविधियों, विभिन्न स्थलों पर व्यवस्थाओं की स्थिति, सामने आई कमियों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक सुधारों के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया गया।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें।
घाटों पर रात्रि में भी साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सीताकुंड एवं देवघाट पर रात्रि अवधि में भी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि सुबह के समय घाटों पर पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण मिले। साथ ही, नदी के पानी में प्रवाहित पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्टों को जाल के माध्यम से लगातार हटाने तथा जल की स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने सीताकुंड, देवघाट, अक्षयवट, प्रेतशिला, रामशिला सहित अन्य प्रमुख पिंडदान स्थलों पर स्थापित सभी यूरिनल एवं चेंजिंग रूम की जांच संबंधित पदाधिकारियों से कराने का निर्देश दिया। जांच के दौरान साफ-सफाई, उपयोगिता एवं उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया।
सरकारी आवासन स्थलों पर प्रत्येक दो घंटे पर होगी सफाई व्यवस्था की जांच
जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए संचालित सभी सरकारी आवासन स्थलों पर शौचालय, स्नानागार एवं चेंजिंग रूम की साफ-सफाई की प्रत्येक दो घंटे पर जांच कराई जाए। इसके अतिरिक्त, इन स्थलों पर स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण की व्यवस्था भी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूरे प्रवास के दौरान स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
देवघाट एवं विष्णुपद क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या दूर करने के निर्देश
देवघाट एवं विष्णुपद क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी नेटवर्क सेवा प्रदाताओं को निर्देश दिया कि रात्रि में ही नेटवर्क स्ट्रेंथ की जांच कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त उपकरण स्थापित किए जाएं। साथ ही, नेटवर्क की नियमित निगरानी करते हुए जहां भी समस्या सामने आए, उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि तीर्थयात्रियों, प्रशासनिक कर्मियों एवं अन्य लोगों को निर्बाध संचार सुविधा मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने देवघाट, श्मशान घाट एवं गया जी डैम का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के पश्चात जिला पदाधिकारी ने देवघाट, श्मशान घाट एवं गया जी डैम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार माइकिंग कराने तथा घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि घाटों पर भीड़ को अनावश्यक रूप से रुकने नहीं दिया जाए तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही निरंतर एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस बल सतत निगरानी रखें, ताकि किसी भी स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा बनी रहे।
जिला प्रशासन द्वारा पितृपक्ष मेला के दौरान स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाओं, निर्बाध संचार व्यवस्था एवं प्रभावी भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार समीक्षा एवं निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक पिंडदान का अनुभव प्राप्त हो सके।
CMO Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar पितृपक्ष महासंगम DD News Bihar PMO India Home Department, Govt. of Bihar
#growth #facebookpost #gaya #bihar
Gaya, Bihar | Oct 6, 2026