• कांवड़ यात्रा की व्यवस्था में लगे बल को एसपी ने किया ब्रीफ, दिए आवश्यक निर्देश
• सीवन नदी घाट एवं कुबेरेश्वर धाम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीहोर में 25 अगस्त को आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिले में शांति, कानून-व्यवस्था तथा सुगम यातायात बनाए रखने के लिए एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना एवं अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कांवड़ यात्रा की व्यवस्था में तैनात किए गए समस्त पुलिस बल तथा सहयोगी विभागों के कर्मचारियों को फालिन कराकर ड्यूटी संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
अधिकारियों द्वारा दिए गए मुख्य दिशा-निर्देश
ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में असामाजिक व आपराधिक तत्वों पर पैनी और सतत नजर रखी जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान महिला श्रद्धालुओं तथा बच्चियों की सुरक्षा एवं सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाए। कांवड़ियों की यात्रा बिना किसी बाधा के निरंतर चलती रहे तथा कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित न हो। इसके लिए हाईवे, मुख्य मार्गों एवं डायवर्जन रूटों पर नियमित मोबाइल पेट्रोलिंग की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि फिक्स पिकेट्स पर तैनात बल अपने निर्धारित पॉइंट और आसपास के क्षेत्र पर अत्यधिक सतर्कता एवं सजगता के साथ सूक्ष्म निगाह रखे। ड्यूटी के दौरान समस्त बल आमजन व श्रद्धालुओं के साथ अत्यंत विनम्र, सहनशील और शालीनतापूर्वक व्यवहार करे। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आज से ही अपने ड्यूटी स्थल, ड्यूटी के समय तथा अपने संबंधित सेक्टर/प्रभारी अधिकारी की जानकारी स्पष्ट रूप से प्राप्त कर पूरी गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
सीवन नदी घाट एवं कुबेरेश्वर धाम का किया निरीक्षण
ब्रीफिंग के बाद एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस अधिकारियों के साथ सीवन नदी घाट एवं कुबेरेश्वर धाम का भ्रमण कर धाम में भोजनशाला, शिला परिसर, पार्किग व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ब्रीफिंग एव निरीक्षण के दौरान एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे सहित पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।
यात्रा के लिए पुलिस बल होगा तैनात
कांवड़ यात्रा के दौरान संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु बल को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर ड्यूटीवार प्रभारी अधिकारियों के नेतृत्व में तैनात किया गया है। यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था 23 अगस्त से 25 अगस्त तक निरंतर प्रभावी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों, जिले के स्थानीय पुलिस बल, बाहरी जिलों से आए पुलिस बल, होमगार्ड, एसडीआरएफ, वन विभाग तथा आबकारी विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त सहयोग हेतु कोटवार एवं सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स की भी तैनाती की गई है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
Sehore, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026