एसएन कॉलेज में हुआ "युवा संसद" का आयोजन
---
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खंडवा में यूथ रेडक्रॉस इकाई, राजनीति विज्ञान विभाग एवं एन एस एस के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एन एस श्रीमती एस स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत युवा संसद रही। विद्यार्थियों ने लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, नेता प्रतिपक्ष एवं सांसदों की भूमिकाओं का निर्वहन करते हुए संसदीय कार्यप्रणाली, प्रश्नकाल तथा सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लोकतांत्रिक संवाद का सजीव प्रदर्शन किया। सत्ता पक्ष की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री की भूमिका निभाते हुए छात्रा दीपांशी विश्वकर्मा ने "युवा शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार अवसर विधेयक, 2026" प्रस्तुत किया। विधेयक पर सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सदस्यों के बीच सारगर्भित बहस, तार्किक सवाल-जवाब और विचारोत्तेजक संवाद हुआ। पक्ष-विपक्ष के बीच हुई जीवंत बहस ने पूरे सभागार को संसदीय वातावरण में बदल दिया। विद्यार्थियों ने अपने तर्कों, प्रश्नों और प्रत्युत्तरों के माध्यम से विधायी प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक विमर्श की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। अंत में विधेयक पर मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई तथा बहुमत के आधार पर विधेयक पारित किए जाने की संसदीय प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश भोज विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलगुरु डॉ. मिलिन्द दत्तात्रेय दांडेकर ने युवा संसद की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता एवं संसदीय मर्यादा का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले समय में नारी शक्ति देश का नेतृत्व करेगी। इस अवसर पर पोस्टर, प्रश्नमंच एवं निबंध प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलगुरु डॉ. दांडेकर ने संभाग स्तरीय योग महिला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महाविद्यालय की टीम के प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का मार्गदर्शक भी है। युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल और संवैधानिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रो. राजेश सिसोदिया ने किया तथा आभार प्रो. विपिन जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Higher Education, Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh
#khandwa