संतों का सानिध्य हमें ईश्वर से संवाद का अवसर देता है- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
---
प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व, सनातन संस्कृति और उसके वैभव से परिचित हो रहा है
---
मुख्यमंत्री ने ओंकारेश्वर के गोमुख घाट पर पांचवीं "नर्मदा परिक्रमा" के शुभारंभ कार्यक्रम में की सहभागिता
---
अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादा गुरुजी के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए किया नर्मदा मैया का पूजन
---
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने ओंकारेश्वर धाम से नर्मदा परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को दीं मंगलकामनाएं
---
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संतों का सानिध्य प्राप्त होना हमारा सौभाग्य है। संतों के माध्यम से हमें साक्षात् ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। श्री दादा गुरु जी के सानिध्य में आयोजित मां नर्मदा की पांचवीं परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। यह अवसर देव मार्ग पर चलने का सौभाग्य प्रदान करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। यात्रा कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर स्थित गौमुख घाट पर अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादा गुरु जी के सानिध्य में प्रारंभ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रद्धालुओं को यात्रा के मंगलमय एवं निर्विघ्न संपन्न होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से समाज में आपसी सद्भाव, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा मैया की आरती और विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा देश-प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की। मां नर्मदा के जयघोष के साथ पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ हुआ। मां नर्मदा को चुनरी ओढ़ाई गई, मुख्यमंत्री डॉ. यादव गौमुख घाट से परिक्रमा यात्रा में शामिल भी हुए।
सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण विश्व सनातन संस्कृति और उसके विराट वैभव से परिचित हुआ है। स्वामी विवेकानंद ने लगभग 100 वर्ष पूर्व दुनिया को बता दिया था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है और प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दुनिया को भारत की क्षमताओं का अहसास कराया है। तबके नरेन्द्र (स्वामी विवेकानंद) से लेकर आज के नरेन्द्र (प्रधानमंत्री श्री मोदी) तक की भारत की यात्रा निश्चित रूप से यह प्रमाणित करती है कि यह सदी हमारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता विभिन्न आयोजनों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। हमारी सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं।
माँ नर्मदा की पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह पूज्य दादा गुरु की 5वीं नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा है। नर्मदा मैया सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें। पावन यात्रा निर्विघ्न संपन्न हो, इसके लिए राज्य सरकार ने नर्मदा परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंधन किए हैं, नर्मदा का तट एक मठ के समान है। इसकी पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कल्याण के लिए दादा गुरु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे यही कामना है।
पूज्य दादा गुरु हमें ईश्वर की शक्ति और भक्ति से परिचित कराते हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस संसार में कई यौनियों में विचरण के बाद मनुष्य जीवन प्राप्त होता है। हमने भगवान को नहीं देखा लेकिन उनकी सत्ता को हम सब अनुभव करते हैं। जैसे वायु और सूर्य के प्रकाश में मौजूद सप्त रंगों को कोई नकार नहीं सकता, वैसे ही ईश्वरीय शक्ति को भी नकारा नहीं जा सकता है। पूज्य दादा गुरु हमें ईश्वर की शक्ति और भक्ति से परिचित कराते हैं। सनातन संस्कृति और ईश्वर की भक्ति का मार्ग दिखाया है, जिससे समाज का हर वर्ग भक्ति रस में डूब रहा है।
मां नर्मदा जीवन-ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार है
अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादा गुरुजी ने कहा कि ईश्वरीय भक्ति और साधना हमारे व्यक्तित्व का विकास करती है। मां नर्मदा के पथ में जीव जगत की उत्पत्ति के प्रमाण मिल रहे हैं। नर्मदा तट पर अनेक सभ्यताओं ने जन्म लिया। दुनिया नर्मदा मैया को भले ही नदी के रूप में देखे, लेकिन मां नर्मदा हमारे लिए जीवन, ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार है। पूज्य दादा गुरु ने नर्मदा सेवा परिक्रमा के महातम्य में पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिक्रमा एक साधना है जिसके मूल में कल्याण की भावना निहित है। यह परस्पर सद्भाव और समरसता की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान के भीषण चक्र और आपदाओं के दौर में पूरी दुनिया की निगाहें भारत की ओर हैं। विश्व में भारत ही एकमात्र देश है जिसने कभी अपनी शक्तियों का प्रदर्शन नहीं किया अपितु दुनिया को ज्ञान का दर्शन कराया है।
बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, सहकारिता तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल, सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, संभाग आयुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, आई.जी. श्री अनुराग, डी.आई.जी. सिमाला प्रसाद, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Culture, Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
SP Khandwa
#omkareshwarjyotirling #khandwa
Khandwa, Madhya Pradesh | Nov 24, 2026