मोहर्रम को लेकर संतकबीरनगर पुलिस अलर्ट, एसपी संदीप कुमार मीना ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
संतकबीरनगर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गूगल मीट के माध्यम से हुई बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, ताजिया मार्गों का निरीक्षण करने और शांति समिति के सदस्यों व धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने तथा अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और किसी भी सूचना पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।