बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण, अधिकारियों को कैंप मोड में कार्य करने का निर्देश...
समस्तीपुर, 03 सितंबर 2026।
जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा आज मोहिउद्दीन नगर एवं मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण एवं स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ की वर्तमान स्थिति, जलस्तर, आवागमन, तटबंधों की सुरक्षा तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी, पटोरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मोहिउद्दीन नगर एवं मोहनपुर, अंचलाधिकारी तथा बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को बाढ़ की स्थिति पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह सजग रहे तथा किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजनों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कैंप मोड में कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित रहे तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त होने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की आवश्यकताओं का लगातार आकलन करते हुए प्रशासनिक स्तर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, लोगों के आवागमन, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित समस्याओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की सतत निगरानी रखने एवं प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों तथा स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह अलर्ट है तथा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं तकनीकी टीमों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर माननीय विधायक, मोहिउद्दीन नगर, श्री राजेश सिंह, उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, पटोरी श्री विकास पांडे सहित संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बाढ़ प्रमंडल के अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
#Samastipur #DistrictAdministration #FloodAlert #FloodManagement #DM_Samastipur #ReliefAndRescue #CampMode
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Patna, Bihar | Sep 3, 2026