दीपावली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई, 10 प्रतिष्ठानों से लिए 19 नमूने
________________
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई
________________
खरगोन, कसरावद एवं महेश्वर में मिठाई, होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
________________
दीपावली पर शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी
________________
खरगोन 04 नवंबर 2026। दीपावली त्योहार के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश के आदेश के पालन में 4 नवंबर को राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त दलों द्वारा खरगोन, कसरावद एवं महेश्वर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाई निर्माता, होटल एवं अन्य खाद्य पदार्थ विक्रेताओं सहित कुल 10 प्रतिष्ठानों की जांच कर 19 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
खरगोन एवं सेगांव में मिठाई और नमकीन प्रतिष्ठानों की जांच
एसडीएम खरगोन श्री सत्येंद्र बैरवा एवं खाद्य सुरक्षा अभिहित अधिकारी श्री सचिन लौगरिया के नेतृत्व में संयुक्त दल द्वारा एमजी रोड खरगोन स्थित रूप श्री स्वीट्स से मावा पेड़ा एवं मावा कतली के नमूने लिए गए।
इसी प्रकार मेन रोड सेगांव स्थित शुभम स्वीट्स से मावा, मावा कटलस एवं खोपरा लड्डू के नमूने तथा श्री भीलटदेव स्वीट्स एवं नमकीन से पनीर एवं नमकीन सेव के नमूने जांच के लिए लिए गए।
मंडलेश्वर एवं महेश्वर में मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
अनुविभागीय अधिकारी मंडलेश्वर श्रीमती पूर्वा मंडलोई के नेतृत्व में राजस्व दल के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नरसिंह सोलंकी द्वारा मंडलेश्वर एवं महेश्वर के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान सिद्धिविनायक स्वीट्स मंडलेश्वर से मावा कतली एवं मावा, अन्नपूर्णा स्वीट्स मंडलेश्वर से मावा बर्फी एवं मावा के नमूने लिए गए।
इसी प्रकार मंगलम स्वीट्स महेश्वर से पेड़ा एवं मावा तथा श्री राज राजेश्वरी स्वीट्स एवं दूध डेरी से मलाई बर्फी एवं मावा कतली के नमूने जांच के लिए लिए गए।
कसरावद तहसील में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच
अनुविभागीय अधिकारी श्री अनिल जैन के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आर.आर. सोलंकी द्वारा कसरावद तहसील के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मुलठान बस स्टैंड स्थित दिनेश होटल से बेसन एवं मैदा के नमूने तथा नटराज रेस्टोरेंट से मावा मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए भेजा जाएगा। दीपावली त्योहार के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
#JansamparkMP #khargone