संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में 5 जिलों के 7 महाविद्यालयों ने लिया भाग
________________
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर संभाग स्तरीय टीम के लिए छात्र एवं छात्राओं का चयन
________________
कुलगुरु डॉ. कोरी ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ आगे बढ़ने की दी प्रेरणा
________________
खरगोन 04 नवंबर 2026। क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन के निर्देशानुसार 4 नवंबर को स्थानीय स्टेडियम मैदान पर शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन द्वारा संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संभाग के 5 जिलों से आए 7 विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने सहभागिता कर अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में संभाग का प्रतिनिधित्व करने के लिए 19 छात्र एवं 14 छात्राओं सहित कुल 33 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन के कुलगुरु डॉ. एम.एल. कोरी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अजय वर्मा तथा विशेष अतिथि के रूप में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खरगोन के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शासकीय विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई, विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. प्रकाश वास्कले तथा आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी श्री सत्यम निगवाल भी मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि कुलगुरु डॉ. एम.एल. कोरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ खेलने तथा निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों के उपरांत चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों की तकनीक, गति एवं मैदान पर प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में संभाग का प्रतिनिधित्व करने हेतु संभाग स्तरीय फुटबॉल टीम का चयन किया गया। चयनित टीम में 19 छात्र खिलाड़ी एवं 14 छात्रा खिलाड़ी शामिल हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी श्री सत्यम निगवाल का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन में संपूर्ण प्रतियोगिता सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन सुश्री शिवांगी निराले ने किया तथा अंत में सुश्री तृप्ति सोनी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री चंद्रभान त्रिवेदी, सुश्री तृप्ति जायसवाल, श्री पी.एस. रावत, डॉ. पी.एल. जमरा, श्री राजेश बालके, श्री प्रकाश बघेल, श्री महेश कलमे, श्री सदाशिव कलमे, श्री सिद्दीक खान, श्री कमल रावत सहित विभिन्न महाविद्यालयों के दल प्रभारी, खेल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone