हरिश्चंद्र स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह।
आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार हरिश्चंद्र स्टेडियम, नवादा में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, नवादा श्री शंभु शरण पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन अवसर पर उप विकास आयुक्त ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है, ताकि नवादा की प्रतिभा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह एवं मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलिए भी और खूब पढ़िए भी। खेल के साथ शिक्षा पर भी पूरा ध्यान देना आवश्यक है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। शिक्षा के साथ खेल में बेहतर प्रदर्शन कर युवा अपने जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।
उप विकास आयुक्त ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में पूरी खेल भावना के साथ भाग लें तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से नवादा की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाएं।
जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता 05 अक्टूबर से 07 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री मनोज कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार, प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, खेलकर्मी एवं प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 5, 2026