आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी निर्माण की प्रगति की जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा।
आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत प्रत्येक नागरिक का आभा आईडी (Ayushman Bharat Health Account) निर्माण एवं इसकी प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कार्यक्रम समन्वयक, स्वास्थ्य श्रीमती नीतू कुमारी द्वारा बताया गया कि जिले में अब तक लगभग 13.5 लाख आभा आईडी का निर्माण किया जा चुका है।
जिला पदाधिकारी ने जिले में शत-प्रतिशत नागरिकों का आभा आईडी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आभा आईडी प्रत्येक नागरिक के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित एवं सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करें।
जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर बच्चों का आभा आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी बीएचएम एवं बीसीएम को निर्देश दिया कि एनसीडी स्क्रीनिंग के दौरान सभी एएनएम के माध्यम से संबंधित लाभार्थियों का आभा आईडी निर्माण सुनिश्चित कराएं। साथ ही, सभी बीएचएम एवं बीसीएम को आभा आईडी निर्माण कार्य की नियमित रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी अस्पतालों में ओपीडी के दौरान आने वाले मरीजों का आभा आईडी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए अस्पताल स्तर पर आवश्यक तैयारियां एवं व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि संभव है कि दिसंबर माह से ओपीडी अथवा अन्य प्रकार की चिकित्सीय सेवाओं के लिए आभा आईडी अनिवार्य कर दिया जाए।
उन्होंने जीविका के डीपीएम को निर्देश दिया कि जिले की सभी जीविका दीदियों का आभा आईडी बनाना सुनिश्चित करें। साथ ही, जीविका दीदियों के माध्यम से आभा आईडी के महत्व एवं इसके लाभ के संबंध में व्यापक रूप से जानकारी उपलब्ध कराने तथा उन्हें जागरूक करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने आमजनों से अपील की कि आभा आईडी ऑनलाइन स्वयं भी बनाई जा सकती है। नागरिक अपने आधार कार्ड को लिंक कर स्वयं आभा आईडी का निर्माण कर सकते हैं।आभा आईडी बनाने के लिए लिंक
https://share.google/0TmzkCfrE1b1hyPeB
पर क्लिक करें।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आभा आईडी निर्माण के कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 5, 2026