उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जीविका की गतिविधियों एवं प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित।
आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को उप विकास आयुक्त, नवादा श्री शंभु शरण पांडेय की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जीविका परियोजना अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं उससे संबंधित प्रगति की समीक्षा हेतु जीविका के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा नवादा जिला में जीविका द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की विषयवार समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की विस्तृत जानकारी संकलित कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया, ताकि अन्य महिलाओं के मनोबल एवं व्यक्तिगत उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवाचार आधारित कार्यों को प्रोत्साहित किया जा सके।
उप विकास आयुक्त ने जीविका दीदियों द्वारा उत्पादित विभिन्न उत्पादों की बिक्री बढ़ाकर उन्हें अधिक से अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर मार्ट/हाट बाजार की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जीविका दीदियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित कराने की दिशा में प्रभावी कार्य करने का भी निर्देश दिया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 5, 2026